मंत्री जी थे सामने, सरकारी बाबू ने फरियादी से मांग ली 50 हजार की रिश्वत, फिर जो हुआ हो गया वायरल
Lakhindra Paswan Viral Video: बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखींद्र पासवान की जन सुनवाई में शनिवार को भ्रष्टाचार का एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने वहां मौजूद हर किसी को हैरान कर दिया। सीतामढ़ी से पहुंचे कुछ फरियादियों ने आरोप लगाया कि विभाग की अनुदान राशि जारी करने के बदले उनसे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलते ही मंत्री ने मामले की सच्चाई मौके पर ही परखने का फैसला किया।
फरियादी से आरोपी डाटा एंट्री ऑपरेटर को स्पीकर पर फोन कराया गया। बातचीत में कर्मचारी ने खुद 50 हजार रुपये की मांग दोहरा दी। इसके बाद मंत्री ने तत्काल उसकी सेवा समाप्त करने और पूरे मामले की जांच के निर्देश दे दिए।

फरियादियों की शिकायत पर मंत्री ने मौके पर कराया फोन
सीतामढ़ी से आए कुछ फरियादियों ने मंत्री लखेंद्र पासवान से शिकायत की कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग से मिलने वाली सरकारी सहायता राशि जारी कराने के बदले उनसे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। मंत्री ने शिकायत को गंभीरता से लिया और तुरंत उसी कर्मचारी को फोन लगाने को कहा। कॉल स्पीकर पर रखी गई ताकि कमरे में मौजूद सभी लोग बातचीत सुन सकें और आरोप की सच्चाई सामने आ सके।
स्पीकर पर दोहराई रिश्वत की मांग, मंत्री भी सुनते रहे बातचीत
फोन रिसीव होते ही डाटा एंट्री ऑपरेटर ने बिना किसी हिचकिचाहट के अनुदान राशि जारी करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग दोहरा दी। उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसकी पूरी बातचीत मंत्री लखेंद्र पासवान भी सुन रहे हैं। बातचीत खत्म होते ही यह साफ हो गया कि शिकायत बेबुनियाद नहीं थी। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मंत्री ने तत्काल सेवा समाप्त करने का दिया निर्देश
बातचीत खत्म होते ही मंत्री लखेंद्र पासवान ने सीतामढ़ी के जिला कल्याण पदाधिकारी से फोन पर संपर्क किया। उन्होंने रिश्वत मांगने वाले डाटा एंट्री ऑपरेटर की सेवा तत्काल समाप्त करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही संबंधित कार्यालय के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने को कहा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि अगर जांच में किसी अधिकारी की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढे़ं: AK-47 लेकर छात्रों के पीछे दौड़ा पुलिसकर्मी, वीडियो वायरल होते ही सस्पेंड, कौन है SIT का जवान अभिषेक पटेल?
'सरकारी सहायता अधिकार है, रिश्वत नहीं चलेगी'
मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि अनुसूचित जाति और जनजाति के पीड़ितों को सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता उनका कानूनी अधिकार है। किसी भी कर्मचारी को इस अधिकार के बदले पैसे मांगने की इजाजत नहीं दी जा सकती। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस तरह की शिकायतों को हल्के में न लें और दोषियों के खिलाफ बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों का भरोसा व्यवस्था पर बना रहे।
विभागीय जांच शुरू, सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज
मंत्री के निर्देश के बाद संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। इस कार्रवाई का वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। मंत्री ने दोहराया कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा और दोषियों के खिलाफ नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications
