Bihar Viral: ‘पिता की दवाई’ बता रहा था जवान, बैग से निकली शराब, बिहार में शराबबंदी की खुली पोल
Bihar Police Alcohol Viral Video: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद कानून के रखवाले ही जब नियम तोड़ते दिखें, तो सवाल लाजिमी है। मधुबनी जिले से सामने आया यह मामला प्रशासन और व्यवस्था दोनों को कटघरे में खड़ा करता है। बिस्फी थाने में तैनात होमगार्ड जवान सुशील कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह वर्दी में बैग के भीतर शराब ले जाते पकड़ा गया।
पकड़े जाने पर उसने बीमार पिता का हवाला देकर भावनात्मक बहाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, मधुबनी एसपी योगेंद्र कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी जवान को निलंबित कर बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू कर दी।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक जागरूक नागरिक ने वर्दीधारी जवान को रोककर उसके बैग की जांच करने की जिद की। शुरू में हिचकिचाने के बाद जब जवान ने बैग खोला, तो उसमें से शराब की बोतल बरामद हुई। पकड़े जाने के डर से जवान और युवक के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान जवान ने कैमरे से बचने के लिए बोतल को दूर फेंक दिया, लेकिन तब तक उसकी करतूत मोबाइल में कैद हो चुकी थी।
ये भी पढे़ं: Bihar News: हिजाब विवाद, कैबिनेट विस्तार या निशांत कुमार की लॉन्चिंग? नीतीश और PM मोदी की बैठक के क्या मायने
बीमार पिता का अजीबोगरीब बहाना
जब युवक ने जवान से शराब रखने का कारण पूछा, तो उसने एक भावुक कार्ड खेलने की कोशिश की। जवान सुशील कुमार ने तर्क दिया कि उसके "बाबूजी" (पिता) बहुत बीमार रहते हैं और उनकी सेहत के लिए वह यह शराब ले जा रहा है। उसने दावा किया कि उसके पिता कभी-कभी दवा के तौर पर इसका सेवन करते हैं। वर्दी की आड़ में कानून तोड़ने वाले एक सरकारी कर्मचारी का यह बेतुका बहाना सुनकर हर कोई हैरान रह गया।
ये भी पढ़ें: Bihar News: जानिए कैसे मिलेगी 2 लाख रुपये तक की मदद, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की पूरी प्रक्रिया समझिए
मधुबनी एसपी ने की त्वरित कार्रवाई
वीडियो जैसे ही मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार के पास पहुंचा, उन्होंने बिना देरी किए जांच के आदेश दिए। जांच में वीडियो सही पाए जाने पर एसपी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि होमगार्ड जवान संख्या 310442 सुशील कुमार को न केवल निलंबित किया गया है, बल्कि उसे सेवा से बर्खास्त करने के लिए विभाग को पत्र लिख दिया गया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस महकमे में ऐसे दागी जवानों के लिए कोई जगह नहीं है।
पुलिस विभाग ने दिए कड़ा संदेश
इस मामले में केवल निलंबन ही नहीं, बल्कि आपराधिक मुकदमा भी दर्ज किया गया है। एसपी के निर्देश पर औंसी थानाध्यक्ष को जवान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने का आदेश दिया गया है। यह कार्रवाई बिहार पुलिस के उन कर्मियों के लिए एक सख्त चेतावनी है जो शराबबंदी कानून को लागू करने के बजाय खुद उसकी अनदेखी करते हैं। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कानून सबके लिए बराबर है, चाहे वह आम आदमी हो या वर्दीधारी।
ये भी पढ़ें: Bihar School Closed: शीतलहर से कांप रहा बिहार, कई जिलों में स्कूल बंद, आंगनवाड़ी का भी टाइम बदला












Click it and Unblock the Notifications