Bihar Chunav: जीतनराम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को मिली कौन-सी सीटें? देखें पूरी जिला-वार लिस्ट
Bihar NDA Seat Sharing: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए NDA ने आखिरकार सीट शेयरिंग फॉर्मूला घोषित कर दिया है, जिसमें गठबंधन की एकता को प्राथमिकता दी गई है। इस फॉर्मूले के तहत BJP और JDU दोनों 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, जबकि चिराग पासवान की LJP (RV) को 29 सीटें मिली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी HAM और उपेंद्र कुशवाहा की RLM दोनों को बराबर-बराबर 6-6 सीटें दी गई हैं, यानी छोटे सहयोगियों के खाते में कुल 12 सीटें आई हैं।
सीटों की संख्या पर शुरुआती खींचतान के बावजूद, दोनों नेताओं ने इसे स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विश्वास जताया है। यह बंटवारा बिहार के चुनावी समीकरणों को साधने और जातीय आधार को मजबूत करने की दिशा में NDA का एक अहम कदम माना जा रहा है।

NDA में 'बराबर का दर्जा': BJP और JDU ने छोड़ा बड़ा-भाई का रोल
बिहार की 243 विधानसभा सीटों के लिए NDA का सीट बंटवारा एक नए राजनीतिक समीकरण को दर्शाता है। पहली बार, भाजपा (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) दोनों ने 101-101 सीटों पर सहमति व्यक्त की है। इससे यह स्पष्ट होता है कि अब NDA में कोई 'बड़ा भाई' या 'छोटा भाई' नहीं है, बल्कि दोनों दल बराबरी पर चुनाव लड़ेंगे।
मांझी और कुशवाहा की 12 सीटें: सम्मान या मजबूरी?
सीट बंटवारे में सबसे अधिक माथापच्ची छोटे सहयोगियों जीतन राम मांझी (HAM) और उपेंद्र कुशवाहा (RLM) की सीटों को लेकर थी। मांझी, जिनकी पार्टी के पास वर्तमान में 4 विधायक और 1 सांसद हैं, 15 सीटों की मांग कर रहे थे, जबकि उपेंद्र कुशवाहा भी "सम्मानजनक हिस्सेदारी" की बात कह रहे थे। हालांकि, दोनों दलों को आखिरकार 6-6 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा, यानी दोनों पार्टियों के हिस्से में कुल 12 सीटें आई हैं।
ये भी पढे़ं: Bihar Chunav: 10 सीटें, जिसने 2020 में तोड़ा तेजस्वी का CM बनने का सपना, कहीं 12 तो कहीं 113 वोटों से हुई हार
जीतन राम मांझी की पार्टी 6 सीटों पर चुनाव लड़ेगी
विधानसभा सीट जिला (District)
- इमामगंज (Imamganj) गया (Gaya)
- सिकंदरा (Sikandra) जमुई (Jamui)
- टेकारी (Tekari) गया (Gaya)
- बाराचट्टी (Barachatti) गया (Gaya)
- अतरी (Atri) गया (Gaya)
- कुटुंबा (Kutumba) औरंगाबाद (Aurangabad)
उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLM इन सीटों पर लड़ेगी चुनाव
विधानसभा सीट जिला (District)
- सासाराम (Sasaram) रोहतास (Rohtas)
- दिनारा (Dinara) रोहतास (Rohtas)
- उजियारपुर (Ujiarpur) समस्तीपुर (Samastipur)
- महुआ (Mahua) वैशाली (Vaishali)
- बाजपट्टी (Bajpatti) सीतामढ़ी (Sitamarhi)
- मधुबनी (Madhubani) मधुबनी (Madhubani)
दोनों ही नेताओं ने भले ही सीटों की संख्या को लेकर असंतोष जाहिर किया हो, लेकिन अंततः आलाकमान के फैसले को स्वीकार कर लिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बंटवारा जातीय समीकरणों को साधने और महागठबंधन को कड़ा मुकाबला देने के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि ये 12 सीटें दोनों नेताओं के पारंपरिक और प्रभावशाली क्षेत्रों में हैं।
चिराग पासवान बने NDA के तीसरे सबसे बड़े दल
चिराग पासवान की पार्टी LJP (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं, जिसने उन्हें NDA में तीसरा सबसे बड़ा भागीदार बना दिया है। 2020 के विधानसभा चुनाव में अलग लड़ने और केवल एक सीट जीतने के बावजूद चिराग पासवान की यह हिस्सेदारी उनकी राजनीतिक सौदेबाजी की ताकत को दर्शाती है। NDA का यह संतुलित सीट बंटवारा अब बिहार में चुनावी बिगुल फूंकने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
ये भी पढ़ें: Bihar Chunav: बिहार चुनाव से पहले संजय राउत ने प्रशांत किशोर की दी ये सलाह, बताया कौन होगा बिहार का अगला सीएम?












Click it and Unblock the Notifications