Bihar Chunav: बिहार चुनाव से पहले संजय राउत ने प्रशांत किशोर की दी ये सलाह, बताया कौन होगा बिहार का अगला सीएम?
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनावों की तरीखों के ऐलान के बाद रराजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन और विपक्षी इंडिया गठबंधन में शामिल पार्टियों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान चल रही है। इसइ खींचतान के बाद शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने जन सुराज पार्टी (जेएसपी) के प्रमुख प्रशांत किशोर को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। इसके अलावा बिहार का अगला सीएम कौन होगा इसको लेकर भी भविष्यवाणी की है।
रविवार को मीडिया से बात करते हुए ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने कहा कि प्रशांत किशोर ने अपनी एक पार्टी बनाई है और वे किसी एक व्यक्ति के नाम पर राजनीति करते हैं, जिसे वे एक राजनीतिक रणनीति मानते हैं।

प्रशांत किशोर को राउत ने दी ये नसीहत
राउत ने अपने बयान में जनसुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर को भी सलाह दी। उन्होंने किशोर को तेजस्वी यादव की राजनीति पर कोई भी टिप्पणी करने से बचने की सलाह दी है।
राहुल और तेजस्वी को बताया निर्विवाद नेता, प्रशांत पर कसा तंज
संजय राउत ने आगे यह भी कहा कि तेजस्वी यादव बिहार के निर्विवाद नेता हैं, जबकि राहुल गांधी देश के निर्विवाद नेता हैं। उन्होंने प्रशांत किशोर को अपनी ताकत बिहार में दिखाने की चुनौती दी, क्योंकि उनकी पार्टी अभी नई है। राउत ने व्यंग्य करते हुए कहा कि प्रशांत किशोर की दौलत भले ही नई हो, लेकिन वे बातें हमेशा नई करते हैं।
कौन होगा बिहार का अगला सीएम? राउत ने की भविष्यवाणी
शिवसेना (यूबीटी) नेता ने स्पष्ट किया कि वे चुनाव परिणामों के बाद इस विषय पर बात करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तेजस्वी यादव बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे और उन्हें कोई रोक नहीं सकता।
प्रशांत किशोर ने 51 कैंडिडेट की जारी की लिस्ट
गौरतलब है कि प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 51 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इस सूची में 7 अनुसूचित जाति, 17 अति पिछड़े, 11 पिछड़े, 8 अल्पसंख्यक और 8 सामान्य वर्ग के प्रत्याशी शामिल हैं, जिन्हें पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।
सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी प्रशांत किशोर की पार्टी
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जन सुराज ने बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। जन सुराज के अध्यक्ष उदय सिंह ने एक प्रेस वार्ता में इन 51 उम्मीदवारों की सूची जारी की। हालांकि, इस सूची में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर का नाम शामिल नहीं है, जिससे यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि वे इस चुनाव में पार्टी के लिए चुनावी रणनीति पर ही ध्यान केंद्रित करेंगे।
बिहार में कब हो रहा विधानसभा चुनाव?
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार बिहार में 243 सीटों के लिए दो चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को 121 सीटों पर होगा, जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को 122 सीटों के लिए निर्धारित है। जन सुराज नेता प्रशांत किशोर पिछले दो सालों से राज्य में लगातार सक्रिय हैं।












Click it and Unblock the Notifications