दिल्ली से प्रेमिका को भगाकर क्वारंटाइन सेंटर में रह रहा था प्रेमी, लोगों ने मंदिर में करा दी शादी
मधुबनी। बिहार के कई जिलों के क्वारंटाइन सेंटर से हैरान कर देने वाली खबरें सामने आई हैं। कहीं डांस प्रोग्राम का आयोजन कराया गया तो कहीं क्वांरटाइन में रह रहे लोग शराब का सेवन कर रहे थे। ऐसा ही एक मामला बिहार के मधुबनी जिले से आया है, जहां क्वारंटाइन में रह रहे प्रेमी-प्रेमिका को लोगों ने जबरदस्ती बाहर निकालकर मंदिर में उनकी शादी करा दी गई। हैरान कर देने वाली बात यह है कि पंचायत के लोगों को इस खबर की भनक तक नहीं लगी। दिल्ली से आए प्रेमी जोड़े की मंदिर में शादी कराने का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तब जाकर इस मामले का खुलासा हुआ है।

लड़की को दिल्ली से भगाकर ले आया था लड़का
यह पूरी घटना मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड स्थित नवकरही गांव की बताई जा रही है। नवकरही गांव के रहने वाला युवक दिल्ली से लड़की को भगा कर गांव ले आया था, जिसके बाद से दोनों को गांव के मिडिल स्कूल में में क्वारंटाइन कराया गया था, लेकिन क्वारंटाइन सेंटर में 2 दिन बीतने के बाद ही बुधवार की देर शाम ग्रामीणों ने इस प्रेमी जोड़े को क्वारंटाइन सेंटर से बाहर निकाला और पास में ही स्थित मंदिर में ही शादी करा दी।

सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ी धज्जियां
बताया जा रहा है कि शादी कराने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग को भी फॉलो नहीं किया गया। हैरान कर देने वाली बात यह है कि शादी का कार्यक्रम घंटों तक चलता रहा लेकिन पंचायत के जनप्रतिनिधि और प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। इस मामले में नवकरही पंचायत के मुखिया कृपानंद झा आजाद का कहना है कि मुखिया संघ की मीटिंग के सिलसिले में गांव से बाहर होने के चलते उन्हें जानकारी नहीं मिल पाई थी।

किसी को भी नहीं लगी घटना की भनक
लेकिन कोरोना संकट के बीच इस तरह की लापरवाही खतरनाक है। मुखिया ने प्रेमी युगल के नाबालिग होने की भी आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वीडियो सामने आने के बाद एसडीएम मुकेश रंजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं एसडीपीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शादी होने की सूचना मिली है। मामले की जांच करवाई जा रही। जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications