मॉब लिंचिंगः मधुबनी में नेपाली महिलाओं ने किसान को पीट-पीट कर मार डाला
मधुबनी। बिहार में राज्य सरकार भले ही मॉब लिंचिंग को लेकर कड़े कानून बना रही हो लेकिन मॉब लिंचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले सरकार और कानून प्रशासन को ठेंगा दिखा रहे हैं। ताजा मामला बिहार के मधुबनी जिले का है, जहां एक किसान की मॉब लिंचिंग कर दी गई। मधुबनी के लदनियां में नेपाल से आयी महिलाओं ने एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने महिलाओं को पकड़कर एक घर में बंद कर दिया।
मधुबनी जिले के एसपी डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि किसान की हत्या की बात सही है लेकिन महिलाओं को बंधक बनाने की कोई पुष्टि नहीं है। घटना के बाद से गांव में तनाव है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पिपराही के रहने वाले डोमी पंडित के खेत में नेपाल के कचनारी गांव की एक दर्जन महिलाएं बकरी चरा रही थीं। डोमी पंडित जब खेत पर फसल देखने पहुंचा तो बकरी चरा रही महिलाओं को डांटने लगा।
इसके बाद महिलाएं किसान डोमी पर टूट पड़ीं। बताया जा रहा है कि दर्जन भर महिलाएं डोमी को पीटने लगीं, जिससे डोमी की घटनास्थल पर मौत हो गई। सभी महिलाएं नेपाल के कचनारी गांव की रहने वाली हैं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख महिलाएं भागने लगीं। इनमें से चार महिलाओं को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उन्हें पिपराही लाकर एक घर में बंद कर दिया है। घटना से इलाके में तनाव है।
बिहार में पुलिसवालों ने अपराधियों के साथ मिलकर किया एक शख्स का अपहरण, कुछ ऐसे रची थी साजिश