बिहार स्वास्थ्य विभाग में बंपर बहाली, 21,698 आशा कार्यकर्ता, 1,104 फैसेलिटेटर के पदों पर होगी नियुक्ति
Bihar Health Department Recruitment: बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को गांव और शहर के स्तर पर मजबूत करने के लिए आशा कार्यकर्ताओं की बड़ी भर्ती होने जा रही है। राज्य में कुल 21 हजार 698 आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। इनमें 14 हजार 409 पद ग्रामीण क्षेत्रों के लिए और 7 हजार 289 पद शहरी इलाकों के लिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को उनके यहां खाली पदों की जानकारी भेजते हुए भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया है।
विभाग की समीक्षा में सामने आया कि कई जिलों में आशा कार्यकर्ताओं की बहाली की रफ्तार काफी धीमी है। इसी को देखते हुए अब जिलों को दो महीने के भीतर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है। आम तौर पर आशा कार्यकर्ता के पद के लिए 10वीं पास उम्मीदवारों को योग्य माना जाता है।

मुजफ्फरपुर में 511 पदों पर होगी बहाली
मुजफ्फरपुर जिले में भी आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती की जाएगी। यहां 264 ग्रामीण और 247 शहरी आशा कार्यकर्ताओं के पद भरे जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में फिलहाल 5,314 आशा कार्यकर्ताओं की जरूरत बताई गई है। इनमें से 4,275 आशा कार्यकर्ता काम कर रही हैं, जबकि अब तक 1,039 का चयन किया जा चुका है।
ये भी पढ़ें: RRB NTPC UG CBT 2 परीक्षा की तारीख घोषित, कब आएगा एडमिट कार्ड? चेक करें एग्जाम डेट
शहरी इलाकों में 247 आशा कार्यकर्ताओं की बहाली होनी है। यहां फिलहाल 303 आशा कार्यकर्ता काम कर रही हैं और 56 का चयन हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पूरे बिहार में इस समय करीब 98,598 आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी हुई हैं।
बदले इलाकों में बदलेगा पद का नाम
राज्य में कई ऐसे ग्रामीण इलाके हैं, जिन्हें बाद में नगर पंचायत, नगर परिषद या नगर निगम में शामिल कर दिया गया है। ऐसे क्षेत्रों में आशा फैसेलिटेटर यानी पर्यवेक्षक की व्यवस्था भी अब शहरी क्षेत्र के नियमों के हिसाब से होगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिलों को निर्देश दिया है कि जो ग्रामीण क्षेत्र अब शहरी निकाय का हिस्सा बन चुके हैं, वहां पहले से काम कर रही आशा फैसेलिटेटर को अब शहरी आशा फैसेलिटेटर के नाम से जाना जाएगा।
1,104 आशा फैसेलिटेटर भी होंगी नियुक्त
आशा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आशा फैसेलिटेटर यानी पर्यवेक्षकों के खाली पद भी भरे जाएंगे। राज्य में कुल 1,104 आशा फैसेलिटेटर की बहाली होनी है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए जिलावार रिक्तियां भी जारी कर दी हैं।
आशा फैसेलिटेटर का काम आशा कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर नजर रखना और उनके काम की रिपोर्ट तैयार करना होता है। वह यह भी देखती हैं कि आशा कार्यकर्ताओं के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएं और योजनाएं लोगों तक सही तरीके से पहुंच रही हैं या नहीं।
कई महीनों से खाली हैं पद
मुजफ्फरपुर समेत बिहार के कई जिलों में आशा कार्यकर्ताओं और आशा फैसेलिटेटर की बहाली लंबे समय से नहीं हुई है। इसी वजह से स्वास्थ्य विभाग ने अब भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया है। विभाग ने सभी जिलों को रिक्त पदों की जानकारी भेज दी है और दो महीने के अंदर बहाली पूरी करने का निर्देश दिया है। इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग के जमीनी स्तर के काम को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: RRB Recruitment 2026: रेलवे में 3,993 पदों पर निकली भर्ती, नोटिफिकेशन आउट, जानें योग्यता और आवेदन प्रक्रिया


Click it and Unblock the Notifications
