लाखों लोगों की घर वापसी के लिए बिहार सरकार ने इन अफसरों को दी जिम्मेदारी, मोबाइल नंबर सहित जारी की सूची
पटना। बुधवार को केंद्र सरकार से गाइडलाइंस मिलने के बाद देशभर में फंसे लोगों की बिहार वापसी का रास्ता साफ हुआ जिसके बाद प्रदेश की नीतीश सरकार आगे की तैयारियों में जुटी हुई है। सरकार के मुताबिक, करीब 25 लाख प्रदेश निवासी देश के अलग-अलग राज्यों में फंसे हैं जिनको वापस लाना चुनौतीभरा है। प्रदेश सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने यहां तक कह दिया कि बहुत मुश्किल परिस्थिति है लेकिन इसके लिए नोडल टीम का गठन कर दिया गया है। सरकार ने अफसरों के नाम और नंबर जारी किए हैं जो अन्य प्रदेशों को नोडल अफसरों के साथ सहयोग करेंगे और लोगों की घर वापसी को सुनिश्चिति करेंगे। साथ ही बिहार में फंसे अन्य राज्यों के लोगों को भी उनके गृह राज्य भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

नोडल अधिकारियों के नाम-नंबर जारी
बिहार आपदा प्रबंधन विभाग ने ऐसे नोडल अधिकारियों की सूची जारी कर दी है जो दूसरे राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के नोडल अधिकारियों से सहयोग कर वहां फंसे प्रवासी लोगों को वापस लाने की कवायद करेंगे। इस बारे में बिहार सरकार ने जो लेटर जारी किया है उसमें लिखा है कि प्रदेश के कई विद्यार्थी, श्रमिक और अन्य लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में फंसे हुए हैं। इसी प्रकार, अन्य प्रदेशों के भी लोग बिहार में फंसे हैं जो अपने गृह राज्य वापस जाना चाहते हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेशानुसार लोगों को उनके गृह राज्य भेजने और दूसरे राज्यों से लोगों को बिहार वापस लाने के लिए इन अफसरों को जिम्मेदारी दी जा रही है। इनके मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं।
Bihar: Disaster Management Department nominates nodal officers to coordinate with nodal officers of other States & Union Territories to bring back the people of Bihar stranded in different parts of the country amid #lockdown. pic.twitter.com/15WcvjKsMf
— ANI (@ANI) April 30, 2020

प्रदेश के मंत्री ने कहा- कठिन काम है
नीतीश सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि अगर सोशल डिस्टेंसिंग पर केंद्र सरकार के दिए निर्देशों का पालन किया जाय तो प्रदेश के 25 लाख लोगों को अन्य राज्यों से वापस लाने के लिए करीब 1.70 लाख बसों की जरूरत पड़ेगी। परिस्थिति सरकार के पक्ष में नहीं है लेकिन लोगों की घर वापसी के लिए नोडल टीम बना दी गई है।

विरोधियों ने कहा- सरकार झुकी
लॉकडाउन के बाद देशभर में अलग-अलग राज्यों में फंसे प्रवासियों को वापस बिहार लाने को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमाई हुई है। विपक्षियों ने नीतीश सरकार पर दबाव बनाया था कि जब अन्य प्रदेश अपने छात्रों और श्रमिकों को वापस ला सकते हैं तो बिहार क्यों नहीं? बुधवार को केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के बाद नीतीश सरकार ने राहत की सांस ली। इसके लिए सीएम नीतीश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। वहीं राजद के तेजस्वी यादव ने कहा कि विपक्ष के आगे सरकार को झुकना पड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications