Bihar Crime: अस्पताल ले जाते वक्त चलती एंबुलेंस में महिला से गैंगरेप, होमगार्ड भर्ती के दौरान हुई थी बेहोश
Bihar Crime News: बिहार के गयाजी जिले में होमगार्ड भर्ती के दौरान एक 26 वर्षीय महिला अभ्यर्थी के साथ हुए गैंगरेप की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। यह वारदात 24 जुलाई को बोधगया स्थित बिहार मिलिट्री पुलिस (BMP) ग्राउंड में हुई, जहां शारीरिक दक्षता परीक्षण के दौरान युवती दौड़ लगाते समय बेहोश हो गई थी।
महिला को तत्काल चिकित्सा सुविधा देने के लिए आयोजन स्थल पर खड़ी एक एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान महिला का आरोप है कि एंबुलेंस में मौजूद ड्राइवर और टेक्नीशियन समेत 3-4 लोगों ने रास्ते में उसके साथ गैंगरेप किया। इस घटना ने बिहार को शर्मसार कर दिया है।

दो आरोपी गिरफ्तार
गया पुलिस ने पीड़िता की शिकायत मिलते ही फौरन कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों -एंबुलेंस ड्राइवर विनय कुमार और टेक्नीशियन अजीत कुमार को दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।
जांच के लिए SIT गठित
गया के नगर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है, जिसकी अगुवाई बोधगया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कर रहे हैं। जांच की निगरानी शहर पुलिस अधीक्षक कर रहे हैं।
सीसीटीवी और फोरेंसिक टीम की मदद
घटना की पुष्टि के लिए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं, जिससे एंबुलेंस के मार्ग और समय-सीमा की जानकारी मिली है। इसके अलावा, फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए लगाया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा लिया गया है और उसका बयान भी दर्ज किया गया है।
तेजस्वी यादव बोले- बिहार में ये राक्षस राज है
बिहार में हुई दिल दहला देने वाली घटना पर पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
तेजस्वी यादव ने लिखा, "बिहार की हालत को आखिर क्या नाम दिया जाए? ये राक्षस राज है, अपराधियों द्वारा संरक्षित दुराचारी शासन है, या फिर महाजंगल राज? या कहें कि यह मोदी-नीतीश की जोड़ी का कुशासन है?" तेजस्वी ने इस पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी टैग करते हुए निशाना साधा और लिखा, "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके दो-दो डिप्टी सीएम की संवेदनशील मुद्दों पर चुप्पी न सिर्फ निंदनीय, बल्कि आपराधिक है।"
तेजस्वी का यह बयान सरकार पर विपक्ष के हमले को और तेज करता है, खासकर ऐसे वक्त में जब राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है।
चिराग पासवान बोले- बिहार में बार-बार क्यों हो रही हैं ऐसी घटनाएं
घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद चिराग पासवान ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि "ऐसी घटनाएं बार-बार क्यों हो रही हैं? अगर यह सिलसिला नहीं रुका, तो हालात और भयावह हो जाएंगे।" यह घटनाएं बिहार में महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
चिराग पासवान ने कहा,
"जिस तरह से बिहार में अपराध हो रहा है, ऐसा लगता है कि प्रशासन ने पूरी तरह से अपराधियों के सामने घुटने टेक दिए हैं। यह बात सही है कि इस घटना की निंदा की जानी चाहिए, लेकिन सवाल यह है कि ऐसी घटनाएं हो क्यों रही हैं? एक के बाद एक अपराध की श्रृंखला चल रही है। अगर यही स्थिति रही, तो हालात भयावह हो जाएंगे-बल्कि हो ही चुके हैं। अगर यह कहा जाए कि ये सब चुनाव को देखते हुए हो रहा है, तो मैं भी कह सकता हूं कि हो सकता है, यह सरकार को बदनाम करने की साजिश हो। लेकिन तब भी प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह इसे नियंत्रित करे। इन सबके बीच मैं सरकार से निवेदन करता हूं कि समय रहते कदम उठाए। मुझे दुख इस बात का है कि मैं उस सरकार का समर्थन कर रहा हूं, जहां अपराध बेलगाम हो चुका है।"
यह घटनाएं बिहार में महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। अभी तक सीएम नीतीश कुमार की ओर से इस घटना पर कोई बयान नहीं आया है।












Click it and Unblock the Notifications