Bihar Flood: बाढ़ से फिर बेहाल हुआ बिहार, 18 जिलों में हालत खराब, तेजस्वी यादव बोले- एयरफोर्स की मदद ले सरकार
Bihar Flood: बिहार में बाढ़ का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के 18 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और 6.65 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। बक्सर से भागलपुर तक गंगा नदी कई जगह लाल निशान के ऊपर बह रही है। पटना के गांधी घाट पर गंगा ने 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
पुनपुन नदी भी खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है, जिससे दक्षिण पटना के कई इलाकों में पानी घुस गया है। रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है। इस बीच तेजस्वी यादव ने केंद्र की टीम भेजने और एयरफोर्स की मदद से राहत सामग्री पहुंचाने की मांग की है।

18 जिलों में बाढ़, 6.65 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
बिहार में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। राज्य के 18 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और करीब 6.65 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। बक्सर से भागलपुर तक गंगा नदी कई जगह लाल निशान से ऊपर बह रही है। गंगा और पुनपुन के बढ़ते जलस्तर ने पटना समेत कई इलाकों की मुश्किल बढ़ा दी है। ग्रामीण और दियारा इलाकों में पानी भरने से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन कई इलाकों में लोगों को अभी भी जरूरी सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
ये भी पढे़ं: कौन है शराब स्मगलिंग में पकड़ी गई नेहा? चौंका देगी बिहार की लड़की की कहानी, पिता-बहन भी जा चुके हैं जेल
पटना में गंगा ने तोड़ा 10 साल पुराना रिकॉर्ड
पटना में गंगा नदी ने जलस्तर का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। गांधी घाट पर शनिवार को गंगा का जलस्तर 50.57 मीटर पहुंच गया। इससे पहले वर्ष 2016 में यहां अधिकतम जलस्तर 50.52 मीटर दर्ज किया गया था। यानी इस बार पानी पुराने रिकॉर्ड से 5 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर से पटना के निचले इलाकों में खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं दियारा इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी सबसे ज्यादा बढ़ गई है और राहत की जरूरत भी बढ़ती जा रही है।
पुनपुन नदी का रौद्र रूप, दक्षिण पटना जलमग्न
पुनपुन नदी भी पटना में लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। नदी खतरे के निशान से करीब 2.75 मीटर ऊपर बह रही है। इसके कारण दक्षिणी पटना के कई इलाकों में सुरक्षा बांध टूट गए हैं, जबकि कुछ जगहों पर पानी ओवरफ्लो हो गया है। इससे दक्षिण पटना का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया है। ग्रामीण इलाकों में भी पुनपुन का पानी लगातार बढ़ रहा है। पटना-गया रेलखंड और मोकामा एनएच पर भी पानी चढ़ गया है। इसके कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन और रेलवे की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
ये भी पढ़ें: जाना था दिल्ली रूट चली गई सासाराम लाइन पर! बिहार-महानंदा एक्सप्रेस डिरेल, स्टेशन मास्टर सस्पेंड
पटना-गया रूट की 4 ट्रेनों का बदला रूट
पुनपुन नदी का पानी पटना-गया रेलखंड के पास पहुंचने के बाद रेलवे ने चार ट्रेनों का रूट बदल दिया है। पटना से खुलने वाली 13330 और धनबाद से खुलने वाली 13329 गंगा दामोदर एक्सप्रेस को फतुहा, इस्लामपुर और तिलैया के रास्ते चलाया जाएगा। वहीं राजगीर-बनारस के बीच चलने वाली 15138 और 15137 बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस को पटना से आरा और बक्सर के रास्ते चलाया जाएगा। इसके अलावा पटना-गया रूट पर कई अन्य ट्रेनें तीन से चार घंटे की देरी से चल रही हैं। यात्रियों को इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जलस्तर घटने के बाद ट्रैक की होगी जांच
पटना-गया रेलखंड पर पानी आने के बाद रेलवे ने सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों के मुताबिक, पुनपुन नदी का जलस्तर सामान्य होने के बाद प्रभावित रेल ट्रैक की जांच की जाएगी। ट्रैक और आसपास के रेलवे ढांचे की सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही इसे परिचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया जाएगा। इसके बाद इस हिस्से पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो सकेगा। फिलहाल कई ट्रेनें बदले हुए रूट से चलाई जा रही हैं। यात्रियों को भी रेलवे की ओर से जारी अपडेट के आधार पर अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जा रही है।
तेजस्वी बोले- राहत के लिए एयरफोर्स की मदद ले सरकार
बाढ़ की स्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार से राहत अभियान तेज करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में दियारा पूरी तरह डूब गया है और लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के साथ राहत शिविर लगाने की जरूरत है। तेजस्वी ने कहा कि बाढ़ के दौरान पीने के पानी की समस्या भी होती है, इसलिए सरकार को इस पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से राहत के लिए टीम भेजने की मांग की। साथ ही कहा कि केवल हेलीकॉप्टर से दौरा करने के बजाय एयरफोर्स की मदद से राहत सामग्री लोगों तक पहुंचाई जाए।
मुंगेर से भागलपुर तक बाढ़ ने बढ़ाई मुश्किल
मुंगेर में भी बाढ़ का असर लगातार दिखाई दे रहा है। बरसंडा गांव के पास महाने नदी में निर्माणाधीन पुल का डायवर्सन रविवार को दूसरी बार तेज धार में बह गया। इससे प्रखंड मुख्यालय, थाना, अस्पताल और बाजार जाने वाला मुख्य रास्ता बाधित हो गया है। डायवर्सन बहने से दर्जनों गांवों का संपर्क भी टूट गया है। वहीं भागलपुर के तिलकामांझी विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। पानी आने के बाद छात्राओं की परेशानी बढ़ गई और कई छात्राएं हॉस्टल खाली कर अपने घर लौट रही हैं। राज्य के कई इलाकों में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित है।


Click it and Unblock the Notifications
