बिहार चुनाव: महागठबंधन का CM चेहरा कौन होगा? तेजस्वी यादव के बयान के बाद बहुत कुछ हो गया साफ
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 नजदीक आते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। खासकर INDIA गठबंधन (बिहार में महागठबंधन) में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। इसी बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद (RJD) नेता तेजस्वी यादव के बयान ने माहौल को और गरमा दिया है।
तेजस्वी का हमला- "डुप्लीकेट सरकार हटाइए, ओरिजिनल CM चुनिए"
हाल ही में वोटर अधिकार यात्रा (Voter Adhikar Yatra) के दौरान तेजस्वी यादव ने जनता से सीधा सवाल किया। उन्होंने नीतीश कुमार सरकार को "नकलची सरकार" बताते हुए कहा, "अगर पढ़ाई और रोजगार चाहिए तो इस निकम्मी सरकार को हटाइए। ये सरकार मेरी योजनाओं की नकल करती है। बताइए, आपको डुप्लीकेट सीएम चाहिए या ओरिजिनल?" तेजस्वी ने भीड़ से सवाल किया, "तेजस्वी आगे-आगे है ना? ये सरकार पीछे-पीछे है ना? तो बताइए, ओरिजिनल चाहिए या नकली?"

अखिलेश यादव का खुला समर्थन
तेजस्वी यादव की इस रैली में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी शामिल हुए। उन्होंने तेजस्वी को INDIA ब्लॉक का संभावित सीएम उम्मीदवार बताते हुए कहा, ''जब तेजस्वी सरकार में थे, उन्होंने नौकरियां दीं और अच्छे फैसले लिए। इससे बेहतर चेहरा और कौन हो सकता है? मैं उन्हें पूरा समर्थन देता हूं।''
सर्वे में भी तेजस्वी यादव सबसे आगे
- हाल ही में आए सर्वेक्षणों ने भी तेजस्वी यादव को सीएम पद का मजबूत दावेदार बताया है। C-Voter सर्वे में तेजस्वी यादव को बिहार का सबसे लोकप्रिय सीएम चेहरा माना गया है।
- InkInsight सर्वे के मुताबिक बिहार के युवा NDA को वोट देने की सोच रहे हैं, लेकिन सीएम के लिए तेजस्वी यादव को ही पसंद कर रहे हैं।
तेजस्वी की लोकप्रियता थोड़ी घटी, लेकिन अब भी नंबर वन
एक सर्वे के मुताबिक फरवरी 2025 में तेजस्वी यादव की लोकप्रियता 40.6% थी, जो अप्रैल 2025 में घटकर 35.5% रह गई। वहीं नीतीश कुमार की लोकप्रियता 18% से गिरकर 15% पर आ गई। दिलचस्प बात यह है कि प्रशांत किशोर की लोकप्रियता 14.9% से बढ़कर 17.2% हो गई है।
क्या INDIA ब्लॉक ने CM फेस तय कर दिया?
तेजस्वी यादव के तीखे हमले और अखिलेश यादव के समर्थन के बाद अब सवाल उठ रहा है कि क्या INDIA ब्लॉक ने अप्रत्यक्ष रूप से तेजस्वी को ही मुख्यमंत्री उम्मीदवार मान लिया है। हालांकि राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने अभी तक औपचारिक ऐलान नहीं किया है। लेकिन इतना तो तय माना जा रहा है कि बिहार में महागठबंधन तेजस्वी यादव के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा। अखिलेश यादव का उनको सीएम उम्मीदवार बताना भी इसी बात का संकेत है।
बिहार की सियासत अब सीधा मुकाबला बना रही है-तेजस्वी यादव बनाम नीतीश कुमार और बीच में प्रशांत किशोर भी युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं। चुनाव से पहले तेजस्वी का यह "ओरिजिनल बनाम डुप्लीकेट CM" वाला बयान राजनीति में हलचल मचाने के लिए काफी है।












Click it and Unblock the Notifications