Bihar Election 2025: ‘किडनी देने वाली बेटी तक का तिरस्कार’, शिवराज ने लालू परिवार पर जमकर साधा निशाना
Bihar Election 2025: बिहार की राजनीति में सियासी गरमाहट जारी है। वरिष्ठ बीजेपी नेता और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पटना में विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज बिहार में महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम हो रहा है, लेकिन विपक्ष इसे पचा नहीं पा रहा है और अपनी कुंठा में डूबा हुआ है।
इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने परिवारवाद और कुर्सीवाद को विपक्ष की सबसे बड़ी कमजोरी बताया। उन्होंने कहा कि जिन दलों ने हमेशा परिवार को ही राजनीति का आधार बनाया, वे अब जनता के बीच अपनी प्रासंगिकता खोते जा रहे हैं।

शिवराज सिंह चौहान ने रोहिणी आचार्य का नाम लिए बिना ही व्यंग्य करते हुए कहा, "परिवारवाद और कुर्सीवाद में इस कदर उलझ गए हैं कि किडनी देने वाली बेटी तक का तिरस्कार किया जा रहा है। आज विपक्ष के भीतर असली लड़ाई इस बात की है कि कौन नेता होगा और कौन उत्तराधिकारी। एक नेता है, तो दूसरा विदेश में घूम रहा है।"
🔹 राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला करते हुए कहा कि वे अपनी कुंठा विदेश में निकालते हैं और वहां जाकर देश को बदनाम करने का काम करते हैं। चौहान ने विपक्ष की वर्तमान स्थिति का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी हालत "सूत न कपास, दुल्हन में लट्ठमलट्ठा" जैसी हो गई है।
🔹 मखाना महोत्सव में बिहार की कृषि पर जोर
शिवराज सिंह चौहान मखाना महोत्सव 2025 में हिस्सा लेने पटना पहुंचे। उन्होंने कहा कि बिहार देश का सबसे बड़ा मखाना उत्पादक राज्य है और मखाना अब सिर्फ राज्य की पहचान नहीं बल्कि निवेश और रोजगार का नया इंजन बन चुका है। चौहान ने कहा मखाना बोर्ड उत्पादन, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग से लेकर मार्केटिंग और निर्यात तक पूरी ताकत से काम करेगा। हमारा संकल्प है कि बिहार का मखाना वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत जगह बनाए और हर कोने तक पहुंचे।
मखाना बनेगा बिहार की पहचान: शिवराज सिंह चौहान
शिवराज ने मखाना उत्पादन में मेकेनाइजेशन की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि मखाना आसानी से और सुरक्षित तरीके से निकाला जा सके। उन्होंने कहा मखाना बोर्ड उत्पादन बढ़ाने, मखाना की लागत कम करने और नए उच्च पैदावार वाले बीज विकसित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। किसानों को विभिन्न प्रकार की सहायता भी दी जाएगी।
चौहान ने बिहार की कृषि यात्रा को याद करते हुए कहा कि पहले सड़क और बुनियादी ढांचे पर ध्यान नहीं दिया गया था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में विकास दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार भारत के खाद्य आपूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान देता है और हाल ही में प्रधानमंत्री के साथ कई फसलों के लिए MSP बढ़ाने के निर्णय लिए गए हैं।
चौहान ने मखाना के वैश्विक महत्व पर जोर देते हुए कहा "बिहार विश्व में सबसे अधिक मखाना उत्पादन करता है। बिहार का मखाना अब देश के हर शहर और दुनिया के कई देशों में पहुंच चुका है।"












Click it and Unblock the Notifications