'नीतीश कुमार केवल अपनी हार में देरी कर सकते हैं, टाल नहीं सकते'
बिहार में एनडीए और महागठबंधन के बीच सीटों का उलटफेर होने लगा है।
नई दिल्ली। तीन चरणों में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती अभी भी जारी है। शाम 6 बजे तक की मतगणना के मुताबिक, बिहार की 243 सीटों में से एनडीए 10 सीटों पर जीत के साथ 123 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। महागठबंधन 3 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए कुल 112 सीटों पर आगे है। वहीं, वोटों की गिनती में हो रही देरी पर चुनाव आयोग का कहना है कि मतगणना में इसलिए वक्त लग रहा है क्योंकि इस बार कोरोना वायरस गाइडलाइन के तहत बिहार चुनाव में 63 फीसदी पोलिंग बूथ ज्यादा थे। इस बीच आरजेडी सांसद मनोज झा ने धीमी गति से हो रही मतगणना को लेकर सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।

'रिटर्निंग अधिकारियों से देरी कराना बंद करें'
आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने सीएम नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा, 'बिहार को अपनी नई सरकार मिलने वाली है और कोई भी इसे अब रोक नहीं सकता। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जिनकी विदाई अब तय है, से अनुरोध करता हूं कि वो रिटर्निंग अधिकारियों के जरिए मतगणना की रफ्तार धीमी कराना बंद करें। अब वे केवल अपनी हार में देरी कर सकते हैं, उसे टाल नहीं सकते।'

हम 84 सीटों पर आगे हैं- RJD
इससे पहले आरजेडी ने भी ट्वीट करते हुए अपनी जीत का भरोसा जताया। आरजेडी के ट्विटर हैंडल से कहा गया, 'हमारे Realtime data के अनुसार अभी हम 84 सीटों पर आगे हैं। कई जगह पोस्टल वोटिंग की अभी गिनती नहीं हुई है। आप अंतिम समय तक डटे रहिए। उदाहरण दे रहे हैं- जैसे महनार में 12 हजार, फतुआ 14 हज़ार और सूर्यगढ़ा 10 हज़ार से लीड़ कर रहे हैं, लेकिन टीवी पर पीछे दिखा रहा है।'

'बिहार ने बदलाव कर दिया है'
एक और ट्वीट में आरजेडी ने कहा, 'हम सभी क्षेत्रों के उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं से संपर्क में हैं और सभी जिलों से प्राप्त सूचना हमारे पक्ष में है। देर रात तक गणना होगी। महागठबंधन की सरकार सुनिश्चित है। बिहार ने बदलाव कर दिया है। सभी प्रत्याशी और काउंटिंग एजेंट मतगणना पूरी होने तक काउंटिंग हॉल में बने रहें।'












Click it and Unblock the Notifications