Bihar Chunav: तेजस्वी बोले, 'अगर मैं बिहार का सीएम बना, तो 14 करोड़ लोग CM बनेंगे', BJP पर भी साधा निशाना
Bihar Chunav 2025: महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने शुक्रवार (24 अक्टूबर) से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का आगाज कर दिया। पटना से रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अगर जनता ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया, तो बिहार के 14 करोड़ लोग "सीएम" यानी "चिंता मुक्त" हो जाएंगे। तेजस्वी ने भरोसे से कहा, "हमारी राजनीति झूठ नहीं, भरोसे की राजनीति है। जो कहा है, वो करेंगे, और जो करेंगे, वही कहेंगे।"
हर घर में सरकारी नौकरी का वादा, जीविका दीदियों के लिए नई योजना
तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी, तो हर परिवार से एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा पूरा किया जाएगा। साथ ही राज्यभर की जीविका दीदियों को सशक्त बनाने के लिए एक विशेष योजना लागू की जाएगी। उन्होंने कहा, "हमारी घोषणाएं जुमले नहीं हैं। हमारा विजन साफ है और नीयत ईमानदार। अगर मौका मिला, तो हर वादा जमीनी हकीकत बनेगा।"

'मैं टूटी-फूटी बातें नहीं करता, जुबान का पक्का हूं'
तेजस्वी ने खुद को भरोसेमंद नेता बताते हुए कहा, "तेजस्वी टूटे-फूटे वादे नहीं करता। मैं जुबान का पक्का और करनी का धनी हूं। जो कहता हूं, वो करता हूं। बिहार को नंबर वन बनाना मेरा लक्ष्य है। अगर मैं सीएम बना, तो बिहार चिंता मुक्त राज्य बनेगा।" उनके इस बयान ने चुनावी माहौल में नई हलचल मचा दी है।
प्रधानमंत्री मोदी पर किया पलटवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान, अब बिहार में जंगलराज नहीं रहेगा, पर तेजस्वी ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री कहते हैं कि जंगलराज खत्म हो गया, लेकिन आज बिहार में हर दिन हत्याएं, गोलीबारी और घोटाले हो रहे हैं। 55 से ज्यादा घोटालों का जिक्र खुद प्रधानमंत्री ने किया था। अब उन जांचों का क्या हुआ? असली जंगलराज तो यही है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को बिहार की कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर भी जवाब देना चाहिए।
RJD नेताओं का केंद्र सरकार पर हमला
RJD सांसद मीसा भारती ने भी प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "पीएम मोदी सरकारी खर्च पर चुनावी रैलियां करने बिहार आते हैं, लेकिन क्या उन्होंने कभी बिहार के विकास की बात की? उनके पास बिहार के लिए कोई विजन नहीं है। बेरोजगारी और पलायन की चर्चा करने की बजाय वे सिर्फ हमारे परिवार पर आरोप लगाते हैं।"
'मल्लाह के बेटे से डरती है भाजपा'-मुकेश सहनी का बयान
वहीं, वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी ने भी भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहाm "क्या भाजपा को मल्लाह के बेटे से सरकार बनाने का डर है? प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि बिहार में फैक्ट्री नहीं लग सकती क्योंकि यहां जमीन नहीं है। असल में ये बिहारियों का अपमान है। बिहार के लोग मेहनती हैं, लेकिन भाजपा उन्हें गुमराह कर रही है।"
'जनता बदलाव चाहती है'-तेजस्वी का दावा
तेजस्वी यादव ने कहा कि इस बार बिहार की जनता बदलाव के मूड में है। उन्होंने कहा, "लोग मौजूदा सरकार से तंग आ चुके हैं। अब बिहार के लोग भरोसे, रोजगार और सम्मान की राजनीति चाहते हैं।" उन्होंने संकेत दिए कि गठबंधन में और भी डिप्टी सीएम होंगे, जिनके नाम जल्द बताए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications