'NDA की जीत तो पक्की है', बिहार की महिलाओं से बोले मोदी, 'जुलूस निकालकर लोगों को वोट देने ले जाइए’
Bihar Election 2025 (PM Modi Mera Booth Sabse Majboot): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार (04 नवंबर) को 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम के तहत बिहार की महिला कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की महिलाओं ने इस चुनाव को उत्सव में बदल दिया है। बिहार में एनडीए की जीत तय है, बहुत भारी जीत होगी।
पीएम मोदी ने कहा, "बिहार के लोग अब पूरी तरह तय कर चुके हैं कि इस बार जंगलराज वालों को करारी हार देंगे। जो लोग बिहार को पिछड़ेपन में डुबोना चाहते थे, उन्हें जनता अब जवाब देने वाली है। NDA के कामों ने गरीब, दलित, पिछड़े, महादलित सबके जीवन में बदलाव लाया है।"

मोदी का आह्वान-'जुलूस निकालिए, लोगों को मतदान के लिए ले जाइए'
कार्यक्रम के दौरान मोदी ने महिला कार्यकर्ताओं से कहा, "अब वक्त है हर घर तक पहुंचने का। बूथ ही जीत की नींव है। जुलूस निकालिए, लोगों को मतदान केंद्र तक लेकर जाइए। उन्हें बताइए कि किसने उनके जीवन में उजाला किया है।" उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की महिलाओं में इस बार जो उत्साह है, वह अपने आप में संदेश है कि NDA की लहर कितनी मजबूत है।
'जंगलराज का डर अब खत्म', बेटियों की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर बोले मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "जंगलराज के दौर में बेटियों के लिए घर से निकलना भी मुश्किल था, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। आज बिहार की बेटियां अस्पतालों, रेलवे स्टेशनों और दफ्तरों में रात तक काम कर रही हैं। वे निडर हैं, आत्मनिर्भर हैं और बिहार की नई ताकत बन चुकी हैं।"
उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं अब जंगलराज की वापसी नहीं होने देंगी। वे झूठ और भ्रम फैलाने वालों को पहचान चुकी हैं। उन्होंने तय कर लिया है कि बिहार को पीछे नहीं जाने देंगी।
'डबल इंजन सरकार ने बदली महिलाओं की जिंदगी'-महिला मोर्चा प्रमुख से संवाद
बेगूसराय से महिला मोर्चा की अध्यक्ष डॉक्टर रेखा ने जब पीएम से कहा कि महिलाओं में जबरदस्त उत्साह है, तो मोदी मुस्कुराते हुए बोले, "डबल इंजन की सरकार ने जो विकास किया है, उसने हर घर में भरोसा जगाया है। अब महिलाएं सिर्फ वोटर नहीं, बदलाव की अग्रदूत बन गई हैं।"
पीएम ने कहा, "मुद्रा योजना से छोटे व्यापारियों को ताकत मिली है, जीविका दीदियों और डेयरी योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। पहले जो महिलाएं घर की चारदीवारी में सीमित थीं, आज वही रोजगार देने वाली बन रही हैं।"
PM मोदी बोले- 'छठी मईया का अपमान करने वालों की जमानत जब्त होगी'
पीएम मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "बिहार के लोगों को इस बार ऐसी विजय देनी है कि जिन्होंने झूठ बोला है, जिन्होंने छठी मईया का अपमान किया है, उनकी जमानत जब्त हो जाए।" उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब सच्चाई देख रही है और जानती है कि सुशासन और विकास का रास्ता सिर्फ NDA से ही होकर जाता है।
'बिजली सस्ती हुई, अब मेट्रो की तैयारी'-विकास का रोडमैप बताया
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में बिजली का खर्च घटा है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तय यूनिट तक बिजली मुफ्त कर दी है, जिससे लोगों को राहत मिली है। उन्होंने आगे जोड़ा, "अब हम बिहार के कई शहरों में मेट्रो चलाने की तैयारी कर रहे हैं। ये बिहार के विकास की नई दिशा है।"
'हर नारीशक्ति कह रही -फिर एक बार NDA सरकार'
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की महिलाएं NDA की नीतियों से खुद को जुड़ा महसूस करती हैं। "वे जानती हैं कि जो सरकार उनके जीवन को आसान बना रही है, वही उनके भविष्य की गारंटी है। इसलिए बिहार की हर नारीशक्ति कह रही है फिर एक बार NDA सरकार, फिर एक बार सुशासन की सरकार।"
मोदी के इस संवाद ने बिहार के चुनावी माहौल में नया जोश भर दिया है। जहां एक ओर प्रधानमंत्री अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त दिखे, वहीं दूसरी ओर महिलाओं की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी इस बार के चुनाव को खास बना रही है। बिहार की जनता क्या फैसला करती है, यह तो आने वाला वक्त बताएगा, लेकिन इतना तय है कि मोदी का 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' मिशन अब बिहार के हर गांव तक पहुंच चुका है।












Click it and Unblock the Notifications