बख्तियारपुर का नाम बदलने के सवाल पर बोले नीतीश कुमार- क्या फालतू बात करते हैं
पटना, 13 सितंबर: बख्तियारपुर का नाम बदलने की बात को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे एकदम फालतू की मांग बताते हुए कहा कि इसका कोई मतलब नहीं है। बीते कुछ दिनों में उन्हीं की सरकार में सहयोगी भाजपा के कुछ नेताओं ने ऐसी मांग उठाई थी। इसी को लेकर सोमवार को पटना में उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि लोग बख्तियारपुर के बारे में बिना मतलब की बात करते हैं। ये सब फालतू बात है, बिल्कुल नाम नहीं बदलेंगे।

बख्तियारपुर का नाम बदलने की मांग के संबंध में पूछे गए सवाल पर नीतीश ने कहा, अरे ये सब फालतू बात है। मेरा जन्मस्थान बख्तियारपुर है, उसका नाम कौन बदलेगा। कुछ लोग बख्तियारपुर के बारे में फालतू में बात करते रहते हैं कि यहीं से हुआ इसी से नालंदा गया। आपको मालूम होना चाहिए कि जब पार्लियामेंट में ऑल इंडिया कानून बन रहा था, तभी पार्लियामेंट की मेंबर ने क्या कहा था. उन्होंने कहा था कि जिस नालंदा यूनिवर्सिटी को नष्ट कर दिया गया है, उसका उत्थान होना चाहिए। इस कार्य के लिए उस वक्त बख्तियारपुर में ही कैम्प रखा गया था। इस बार फिर उसी बख्तियारपुर में जन्मा इंसान है, जो नए सिरे से नालंदा यूनिवर्सिटी बनवा रहा है। नाम बदलने का सवाल ही नहीं उठता, ये सब फालतू चीज है।
भाजपा विधायक ने की थी मांग
भाजपा विधायक हरि भूषण ठाकुर बचोल ने कुछ दिन पहले कहा था कि जैसे इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज किया गया, उसी तरह से बख्तियारपुर का नाम बदलकर नीतीश नगर किया जाना चाहिए क्योंकि नीतीश यहां से आते हैं। भाजपा के सांसद गोपाल नारायण सिंह ने राज्यसभा में कुछ दिन पहले बख्तियारपुर स्टेशन का नाम बदलने की मांग उठाई थी। अब नीतीश कुमार ने इन बातों को ही फालतू करार दे दिया है।












Click it and Unblock the Notifications