Bihar Chunav: टिकट को लेकर बवाल, दिल्ली से पटना पहुंचे कांग्रेस नेता पर एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने हमला किया
Bihar Chunav 2205: बिहार में राजनीतिक गलियारों में टिकट बंटवारे को लेकर गहमागहमी बढ़ने लगी है। इसी क्रम में पटना एयरपोर्ट पर बुधवार, 15 अक्टूबर 2025 को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना तब हुई जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कृष्णा अल्लावरु, राजेश राम और शकील अहमद खान दिल्ली में बैठक के बाद पटना पहुंचे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन नेताओं के पटना एयरपोर्ट पहुंचते ही टिकट के दावेदारों के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। "कांग्रेस मुर्दाबाद", "बिहार प्रभारी मुर्दाबाद", और "कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मुर्दाबाद" जैसे नारे लगाए जाने लगे। यह नारेबाजी उन कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही थी, जिन्हें आशंका थी कि उनके नेता का टिकट कट सकता है।

नारेबाजी के बीच कुछ कांग्रेस समर्थकों को यह बात नागवार गुजरी और वे भड़क गए। देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई और छात्र नेता मनीष कुमार की पिटाई कर दी गई। मारपीट इतनी बढ़ गई कि दिल्ली से आए कांग्रेस नेताओं को भी अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से भागना पड़ा। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने नेताओं पर पैसे लेकर टिकट बेचने का गंभीर आरोप भी लगाया।
गौरतलब है कि महागठबंधन में अभी तक सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। कांग्रेस और मुकेश सहनी के कारण यह मामला अटका हुआ है, जिससे किसी भी पार्टी की ओर से सीटों का ऐलान नहीं हो पा रहा है। हालांकि, महागठबंधन के नेता दावा कर रहे हैं कि कोई समस्या नहीं है और जल्द ही घोषणा कर दी जाएगी।
इस बीच कई नेताओं के टिकट कटने की भी आशंका जताई जा रही है, जिससे दावेदारों के समर्थकों में भारी आक्रोश है। पटना एयरपोर्ट पर हुआ यह बवाल इसी आक्रोश का परिणाम माना जा रहा है। टिकट को लेकर बढ़ती यह तकरार बिहार की राजनीति में आने वाले समय में और भी उठापटक का संकेत दे रही है।












Click it and Unblock the Notifications