Bihar Chunav: दरभंगा में राहुल-तेजस्वी पर अमित शाह का तंज, 'घुसपैठियों को बचाने के लिए यात्रा निकालते हैं'
Bihar Chunav Amit Shah: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अब बेहद आक्रामक दौर पर पहुंच गया है। सभी दलों के प्रमुख नेता विरोधियों पर जमकर जुबानी तंज चला रहे हैं। दरभंगा में एनडीए के लिए चुनावी प्रचार करने पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने वोट अधिकार यात्रा पर हमला बोलते हुए कहा कि यह घुसपैठियों को बचाने के लिए निकाली गई यात्रा थी। उन्होंने आरजेडी और कांग्रेस पर छठी मैया के अपमान का भी आरोप लगाया।
गृहमंत्री ने कहा कि 2.5 महीने पहले राहुल बाबा यहां आए थे और एक यात्रा निकाली थी। यह घुसपैठिया बचाओ यात्रा थी। उन्होंने कहा, 'लालू और राहुल घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं। ये कितनी भी यात्रा निकाल लें, लेकिन हम देश से घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालने का काम करेंगें।' उन्होंने एनडीए को भारी बहुमत से जिताने की अपील करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार बड़ी सफलता हासिल करेगा।

Amit Shah नेलालू यादव और कांग्रेस पर बोला तीखा हमला
गृहमंत्री अमित शाह ने लालू परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि बिहार इनके राज में अंधकार के गर्त में चला गया था। उन्होंने पीएम मोदी और नीतीश कुमार की साफ छवि की तारीफ करते हुए लालू यादव पर तीखा हमला बोला। बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने कहा,' लालू जी ने भी काफी कुछ किया है। चारा घोटाला किया, लैंड फॉर जॉब स्कैम किया, होटल बेचने का घोटाला, अलकतरा घोटाला किया, बाढ़ राहत घोटाला किया, भर्ती घोटाला किया और AB एक्सपोर्ट का घोटाला किया।'
शाह यहीं पर नहीं रुके और आगे कहा कि लालू-राबड़ी ने इतने घोटाले किए और कांग्रेस ने 12 लाख करोड़ के घपले-घोटाले किये हैं। उन्होंने लालू परिवार के लिए कहा, 'ये बिहार का भला कर सकते हैं क्या? मोदी जी ने 11 साल शासन किया और नीतीश बाबू ने 20 साल शासन किया। नीतीश बाबू और मोदी जी पर 4 आने का भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है।'
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav: आज थमेगा पहले चरण का चुनाव प्रचार, 121 सीटों पर मतदाता करेंगे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला
'कमल का बटन दबाकर जंगलराज को रोकना है'
गृहमंत्री अमित शाह ने 6 नवंबर को भारी संख्या में मतदान कर एनडीए प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा, 'बिहार ने 15 साल तक लालू-राबड़ी का जंगलराज देखा है। आप वो फिर से लाना चाहते हैं क्या? ये जंगलराज चेहरा और भेष बदलकर चुपके से वापस आना चाहता है। हमारा काम है, कमल का बटन दबाकर, जंगलराज को रोककर, दरभंगा को विकसित जिला बनाने का।'
उन्होंने कहा कि मैं लालू जी और राहुल से पूछना चाहता हूं कि 10 साल तक केंद्र में UPA सरकार थी और यहां पर 15 साल तक लालू-राबड़ी मुख्यमंत्री रहे। दरभंगा के विकास के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया। मोदी जी की सरकार बनी और दरभंगा में AIIMS बनाने का काम हमने किया।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav: खेसारी लाल ने दिया NDA को चैलेंज, 'दम है तो बिहार में 200 मंदिर बनाकर दिखाएं'
Bihar Chunav की कमान अमित शाह के हाथ में
बिहार विधानसभा चुनाव को बीजेपी ने अपने लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है। यही वजह है कि पार्टी को जिताने की जिम्मेदारी खुद अमित शाह ने अपने कंधों पर ले ली है। उम्मीदवारों के चयन से लेकर सीटों के बंटवारे और प्रचार की रणनीति तक सब कुछ शाह के नेतृत्व में ही तय हो रहा है। बिहार में वह लगातार ताबड़तोड़ रैलियां भी कर रही हैं और मंगलवार को भी उनकी कई रैलियां हैं।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav: 'सरकार बनी तो 14 जनवरी को महिलाओं के खाते में जाएंगे ₹30 हजार', तेजस्वी का बड़ा ऐलान












Click it and Unblock the Notifications