Bihar Chunav: आज थमेगा पहले चरण का चुनाव प्रचार, 121 सीटों पर मतदाता करेंगे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला
Voting Campaign: पहले चरण के विधानसभा चुनाव की गहमागहमी अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुकी है। मंगलवार की शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा, और इसके बाद उम्मीदवारों के पास केवल 24 घंटे का समय बचेगा। लंबे समय से चल रहे इस चुनावी अभियान के दौरान नेताओं ने जनसभाओं, रैलियों और रोड शो के जरिए मतदाताओं को लुभाने की पूरी कोशिश की। लेकिन अब अंतिम क्षणों में हर प्रत्याशी मतदाताओं के दरवाजे तक पहुंचकर अपना संदेश देने की रणनीति में जुट गया है।
18 जिलों की 121 सीटों पर होगी वोटिंग
छह नवंबर को पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख से ज्यादा मतदाता अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इन मतदाताओं के फैसले से 1314 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी।

आयोग ने दिए सख्त निर्देश
चुनाव आयोग ने सभी पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया है कि मतदान के दिन माहौल उत्सव जैसा होना चाहिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान केंद्रों तक पहुंचें। इसके साथ ही मोबाइल जमा सुविधा, नई वीआईएस पर्ची, ईसीआईनेट ऐप के उपयोग, बूथों पर शत-प्रतिशत वेबकास्टिंग और रिपोर्टिंग को लेकर भी सख्त गाइडलाइन जारी की गई है।
ये भी पढ़ें: 'रिजल्ट अभी बता देता हूं, NDA जीत रही है, लालू का बेटा न CM बनेगा, न सोनिया का बेटा PM', बिहार में गरजे शाह
पहले चरण के लिए 121 सामान्य, 18 पुलिस और 33 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जो शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करेंगे।
दीघा में सबसे ज्यादा, बरबीघा में सबसे कम मतदाता
इस चरण में मतदाताओं की संख्या के लिहाज से दीघा विधानसभा सबसे बड़ी सीट है, जहां 4,57,657 मतदाता हैं। वहीं, बरबीघा विधानसभा में सबसे कम 2,31,998 मतदाता हैं। क्षेत्रफल के हिसाब से बांकीपुर विधानसभा सबसे छोटी (16.239 वर्ग किमी) और सूर्यगढ़ा विधानसभा सबसे बड़ी (624.751 वर्ग किमी) है।
बूथों पर रहेगी खास व्यवस्था
पहले चरण में कुल 45,324 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 36,733 बूथ ग्रामीण इलाकों में और 8,608 बूथ शहरी क्षेत्रों में होंगे। इनमें से 926 बूथों का संचालन महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जबकि 107 बूथ दिव्यांगजनों के जिम्मे होंगे। इसके अलावा 320 मॉडल बूथ भी बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर औसतन 827 मतदाता वोट डालेंगे।
उम्मीदवारों और मतदाताओं से जुड़े रोचक आंकड़े
- 1 लाख 906 सेवा मतदाता
- 3 लाख 22 हजार 77 दिव्यांग मतदाता
- 100 वर्ष से अधिक आयु के 6736 मतदाता
- 122 महिला और 1192 पुरुष प्रत्याशी
यह पहला चरण न सिर्फ राजनीतिक दलों के लिए बल्कि प्रशासनिक मशीनरी के लिए भी बड़ी परीक्षा साबित होगा। अब नजरें इस बात पर होंगी कि मतदाता किस जोश के साथ लोकतंत्र के इस उत्सव में हिस्सा लेते हैं।
ये भी पढ़ें: Patna Hotels Price: बिहार चुनाव में पटना के होटल्स की डिमांड आसमान पर, 20 हजार तक पहुंचा एक रात का किराया












Click it and Unblock the Notifications