Bihar Chunav: 'सरकार बनी तो 14 जनवरी को महिलाओं के खाते में जाएंगे ₹30 हजार', तेजस्वी का बड़ा ऐलान
Bihar Chunav 2025 (Tejashwi yadav): बिहार चुनाव के आखिरी दौर में माहौल गरम है और इसी बीच राजद नेता और महागठबंधन के सीएम चेहरे तेजस्वी यादव ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा दांव खेला है। उन्होंने घोषणा की कि अगर महागठबंधन की सरकार बनती है तो 14 जनवरी यानी मकर संक्रांति के दिन राज्य की सभी पात्र महिलाओं के खाते में एक साल का ₹30 हजार एक साथ भेजा जाएगा। यह रकम 'माई-बहिन योजना' के तहत दी जाएगी, जिसमें हर महीने 2500 रुपये की सहायता का वादा पहले ही किया गया था।
तेजस्वी ने कहा कि यह स्कीम महिलाओं की आर्थिक आजादी की दिशा में ऐतिहासिक कदम होगी। उन्होंने कहा, "सरकार बनने के बाद हम महिलाओं को एक-एक पैसा समय पर देंगे, ताकि किसी को इंतजार न करना पड़े।'' तेजस्वी ने इसके साथ ही और कई वादे भी किए हैं।

सरकारी कर्मियों और जीविका दीदियों के लिए भी तोहफा
तेजस्वी यादव ने सिर्फ महिलाओं के लिए ही नहीं, बल्कि सरकारी कर्मचारियों और जीविका दीदियों के लिए भी राहत की बातें कीं। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मियों का तबादला उनके गृह जिले से 70 किलोमीटर के दायरे में ही होगा, ताकि उन्हें परिवार से दूर रहने की मजबूरी न झेलनी पड़े।
जीविका दीदियों को लेकर भी उन्होंने बड़ा वादा किया। तेजस्वी बोले, "कम्युनिटी मोबिलाइज़र यानी जीविका दीदियों को स्थायी किया जाएगा और हर महीने ₹2000 का मानदेय मिलेगा।"
किसानों के लिए मुफ्त बिजली और एमएसपी से ऊपर दाम
तेजस्वी यादव ने किसानों को लेकर भी कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि बिहार में अब सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त मिलेगी, जबकि वर्तमान सरकार 55 पैसे प्रति यूनिट वसूलती है। इसके अलावा उन्होंने कहा, "धान की खरीद पर किसानों को एमएसपी के ऊपर ₹300 प्रति क्विंटल और गेहूं पर ₹400 प्रति क्विंटल अतिरिक्त दिया जाएगा।"
तेजस्वी ने यह भी दोहराया कि उनकी सरकार बनने पर ओल्ड पेंशन स्कीम दोबारा लागू की जाएगी। साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि पैक्स प्रतिनिधियों को जनप्रतिनिधि का दर्जा दिया जाएगा और उन्हें मानदेय भी मिलेगा।
Tejashwi yadav Announcement: तेजस्वी यादव की बड़ी घोषणाएं
- माई-बहिन योजना: महिलाओं के लिए एक साल की पूरी राशि ₹30 हजार एक साथ 14 जनवरी को खातों में भेजी जाएगी।
- सरकारी कर्मचारी: अब तबादला गृह जिले से अधिकतम 70 किलोमीटर के दायरे में ही होगा।
- जीविका दीदियां: सभी कम्युनिटी मोबिलाइज़र को स्थायी किया जाएगा, हर महीने ₹2000 मानदेय मिलेगा।
- किसानों के लिए राहत: सिंचाई के लिए बिजली बिल्कुल मुफ्त दी जाएगी (वर्तमान में 55 पैसे प्रति यूनिट चार्ज है)।
- एमएसपी से अधिक दाम: धान पर ₹300 और गेहूं पर ₹400 प्रति क्विंटल अतिरिक्त राशि दी जाएगी।
- ओल्ड पेंशन स्कीम: सरकार बनते ही पुरानी पेंशन योजना दोबारा लागू की जाएगी।
- पैक्स प्रतिनिधि: इन्हें जनप्रतिनिधि का दर्जा दिया जाएगा और मानदेय भी सुनिश्चित किया जाएगा।
तेजस्वी पर भड़के AIMIM प्रत्याशी, दी धमकी
राजनीतिक बयानबाजी भी अपने चरम पर है। किशनगंज के बहादुरगंज से AIMIM प्रत्याशी तौसीफ आलम ने एक सभा में तेजस्वी यादव को "आंख, उंगली और जुबान काटने" की धमकी दे डाली। वजह यह रही कि तेजस्वी ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को चरमपंथी कहा था। तौसीफ ने यहीं नहीं रुके, उन्होंने तेजस्वी को "चारा चोर का बेटा" तक कह डाला।
तेजस्वी यादव का यह वादा महिलाओं के बीच काफी चर्चा में है। माई-बहिन योजना से लेकर मुफ्त बिजली, पेंशन स्कीम और किसानों के बोनस तक यह घोषणाएं चुनावी मौसम में महागठबंधन की रणनीति को नया मोड़ देती दिख रही हैं। अब देखना यह होगा कि 14 जनवरी से पहले बिहार की सियासत का मिजाज किस करवट बैठता है।












Click it and Unblock the Notifications