Bihar Chunav 2025: मधु कोड़ा की राह पर Prashant Kishor, क्या Jan Suraaj बन पाएगा गेमचेंजर या रहेगा हाशिए पर?
Bihar Chunav 2025, Prashant Kishor Politics: बिहार की सियासत इन दिनों एक सवाल के इर्द-गिर्द घूम रही है - क्या चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर (PK), 2025 के चुनाव में कोई बड़ा 'खेल' करने जा रहे हैं? क्या उनकी जन सुराज पार्टी वह तीसरा विकल्प बनकर उभरेगी जिसकी तलाश बिहार के युवा और निराश वोटर सालों से कर रहे थे?
PK की रणनीति और 'BRDK' जातीय फॉर्मूला
PK की पार्टी सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है। उनके अनुसार, बिहार में बदलाव की लहर है, और जनता पारंपरिक दलों से ऊब चुकी है। उन्होंने ब्राह्मण, राजपूत, दलित और कुर्मी जातियों को केंद्र में रखते हुए 'BRDK' फार्मूला गढ़ा है, जो जातीय रूप से बंटी बिहार की राजनीति में असर छोड़ सकता है। लेकिन क्या सिर्फ जातीय गणित और भीड़ जुटाने से सत्ता तक पहुंचा जा सकता है?

जन सुराज को कितनी सीटें?
राजनीतिक विश्लेषकों का आकलन है कि जन सुराज को 10 से 30 सीटों तक मिल सकती हैं, खासकर वहां जहां मुकाबला त्रिकोणीय हो या जहां युवाओं, अति पिछड़ों और दलितों में Prashant Kishor का प्रभाव हो। बिहार में औसत जीत का अंतर करीब 16,825 वोट का रहा है। PK की टीम इसी फासले को टारगेट कर छोटे-छोटे ब्लॉकों में प्रचार कर रही है।
क्या मधु कोड़ा की तरह सीएम बन सकते हैं PK?
2006 में झारखंड में मधु कोड़ा ने निर्दलीय विधायकों की मदद से सीएम बनने का करिश्मा किया था। बिहार में भी अगर कोई गठबंधन बहुमत से चूकता है, और जन सुराज 20-30 सीटें जीतने में सफल रहती है, तो PK एक किंगमेकर की भूमिका निभा सकते हैं।
हालांकि, मधु कोड़ा का उदाहरण बिहार में सीधे लागू नहीं होता, क्योंकि वहां का परिदृश्य अलग था - छोटा राज्य, सीमित सीटें, और क्षेत्रीय दलों की बिखरी ताकत। बिहार में RJD, BJP, JDU जैसे मजबूत पार्टी संगठन हैं, जिनका कैडर वोट अब भी मजबूत है।
क्या PK को डिप्टी CM बनाया जा सकता है?
यदि जन सुराज NDA या महागठबंधन के बिना सरकार गठन में जरूरी बन जाती है, तो हरियाणा के दुष्यंत चौटाला की तर्ज पर PK को डिप्टी सीएम बनाए जाने की पेशकश हो सकती है। लेकिन PK अब तक साफ कर चुके हैं कि वो गठबंधन राजनीति से दूर रहेंगे और अपनी मुख्यमंत्री पद की महत्वाकांक्षा के साथ ही मैदान में हैं।
PK के दावे और सच्चाई के बीच फासला
PK ने नीतीश कुमार की जेडीयू को 25 से कम सीटों पर सिमट जाने की बात कही है और दावा किया है कि नवंबर 2025 के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। हालांकि, उनकी इस भविष्यवाणी को विश्लेषकों ने अतिशयोक्ति करार दिया है।
बिहार की सियासत में PK का प्रभाव
भले ही PK भीड़ जुटा रहे हों, लेकिन किसी पार्टी का जीत के लिए मजबूत संगठन, कोर वोट बैंक, और संसाधनों की गहराई जरूरी होती है। PK के पास फिलहाल ये तीनों सीमित मात्रा में हैं। PK की राह आसान नहीं, लेकिन नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता। प्रशांत किशोर बिहार की राजनीति में एक रोमांचक लेकिन अनिश्चित पहलू बनकर उभरे हैं।
क्या बदलेंगे सियासी समीकरण?
पीके अगर वह 20-30 सीटें जीत लेते हैं, तो ना केवल समीकरण बदल सकते हैं, बल्कि PK की स्थिति "बनाओ या बिगाड़ो" जैसी हो जाएगी। लेकिन अगर जन सुराज 5 सीटों से भी नीचे सिमट गई, तो यह PK के राजनीतिक करियर के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है। 2025 के चुनाव का असली रोमांच यही है कि PK केवल एक ट्रैफिक डिस्टर्बर बनेंगे या फिर सत्ता तख्त के दावेदार।












Click it and Unblock the Notifications