Bihar Chhath Train: छठ से पहले बिहार के लिए 51 ट्रेनें, 11 फ्लाइट्स! क्या चुनाव से जुड़ा है ये बड़ा गेम प्लान?
Bihar Chhath Train Update: छठ पूजा और दिवाली जैसे बड़े त्योहारों से पहले बिहार लौटने वाले प्रवासियों के लिए इस बार बड़ी राहत की खबर है। रेलवे ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों के लिए 51 पूजा स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है, वहीं एयरलाइंस कंपनियों ने भी 11 अतिरिक्त फ्लाइट्स की घोषणा की है। लेकिन सवाल उठ रहा है-क्या ये सब सिर्फ यात्रियों की सुविधा के लिए है या इसके पीछे चुनावी रणनीति भी छिपी है?
त्योहारों पर बिहार वापसी का ट्रैफिक, सरकार ने बढ़ाई तैयारियां
हर साल दीपावली और छठ पर लाखों बिहारी दिल्ली, मुंबई, पुणे, अहमदाबाद और बेंगलुरु से अपने घरों की ओर लौटते हैं। इस बार यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल जारी किया है, जो आने वाले दिनों में बिहार के लगभग सभी बड़े रूट्स को कवर करेगी।

वहीं पटना एयरपोर्ट से रोजाना यात्रियों की संख्या में तेज़ उछाल की उम्मीद है। अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान करीब 4000 अतिरिक्त यात्रियों की आवाजाही होगी। एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा, बैगेज हैंडलिंग और चेक-इन जैसी सभी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
त्योहारों में घर लौटना आम बिहारी के लिए आसान नहीं होता-खासतौर पर जब किराया आसमान छूने लगे। इस बार दिल्ली-पटना मार्ग पर टिकट की कीमतें ₹20,000 से ₹21,000 तक पहुंच गई थीं। वहीं पुणे से पटना आने का किराया ₹23,000 से ₹24,000 और अहमदाबाद से पटना तक लगभग ₹21,500 तक पहुंच गया।
हालांकि, एयरलाइंस कंपनियों द्वारा अतिरिक्त फ्लाइट्स की घोषणा के बाद किराए में राहत मिलनी शुरू हो गई है। यात्रा पोर्टल्स के मुताबिक, फेयर कंट्रोल पॉलिसी पर काम चल रहा है ताकि दिवाली और छठ के बीच यात्रियों को जेब पर भारी असर न पड़े।
इन रूट्स पर चलेंगी स्पेशल फ्लाइट्स
- त्योहारों के इस सीजन में कई एयरलाइंस ने बिहार के लिए अपनी सेवाएं बढ़ाई हैं।
- एयर इंडिया: दिल्ली-पटना-दिल्ली, मुंबई-पटना-मुंबई और बेंगलुरु-पटना-बेंगलुरु के बीच एक-एक अतिरिक्त फ्लाइट
- इंडिगो: दिल्ली-पटना-दिल्ली के बीच तीन और अहमदाबाद-पटना-अहमदाबाद के बीच एक एक्स्ट्रा फ्लाइट
- एयर इंडिया एक्सप्रेस: दिल्ली-पटना और बेंगलुरु-पटना रूट पर एक-एक अतिरिक्त उड़ान
- स्पाइसजेट: पटना से दो नए गंतव्यों के लिए अतिरिक्त फ्लाइट सेवा शुरू करेगी
- इन उड़ानों के शुरू होने से यात्रियों को टिकट बुक करने में आसानी होगी और सीटों की भारी डिमांड का दबाव भी थोड़ा कम होगा।
छठ के बाद चुनावी सीजन की एंट्री
दिलचस्प बात यह है कि बिहार में विधानसभा चुनाव की संभावित तारीखें छठ के तुरंत बाद तय की गई हैं। यानी जब लाखों लोग घर लौट चुके होंगे, तब सियासी माहौल अपने चरम पर होगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह शेड्यूल संयोग नहीं बल्कि सोच-समझकर बनाई गई रणनीति है। सरकार और रेलवे मंत्रालय इस बात का ध्यान रख रहे हैं कि त्योहार के बहाने ज्यादा से ज्यादा लोग बिहार आएं, ताकि वोटिंग के समय मतदान प्रतिशत बढ़े।
चुनावी तैयारी के साथ सुविधाओं का संदेश
केंद्र और राज्य सरकार दोनों के लिए यह मौका डबल है, एक तरफ जनता की सुविधा दिखाना, दूसरी तरफ चुनावी संदेश देना कि सरकार आपके साथ है। छठ पूजा बिहार की अस्मिता और भावनाओं से जुड़ा पर्व है, और इस मौके पर ट्रेनों-फ्लाइट्स की सुविधा बढ़ाना एक इमोशनल कनेक्ट भी बनाता है।
एक अधिकारी ने बताया, त्योहारों के दौरान किसी यात्री को परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे और एयरपोर्ट प्रशासन ने फुल-प्रूफ प्लान तैयार किया है। भीड़ के हिसाब से स्टाफ बढ़ाया गया है और किराया नियंत्रण पर भी लगातार नज़र रखी जा रही है।
त्योहार के इस मौसम में ट्रेन और फ्लाइट्स का ये "एक्स्ट्रा अरेंजमेंट" केवल यात्रा की सुविधा नहीं, बल्कि चुनावी माहौल की भी तैयारी माना जा रहा है। छठ के बहाने घर लौटते प्रवासी ही आने वाले महीनों में बिहार के सियासी समीकरण तय करने वाले वोटर बनेंगे। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि ये "51 ट्रेनें और 11 फ्लाइट्स" लोगों को सिर्फ घर तक पहुंचाएंगी या सत्ता की कुर्सी तक भी किसी को पहुंचा देंगी।












Click it and Unblock the Notifications