बेगूसरायः सड़क निर्माण में काम कर रहे दो मजदूरों की गोली मारकर हत्या
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में में एक बार फिर अपराधियों का बोलबाला देखने को मिला, जहां सड़क निर्माण में काम कर रहे दो मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना बछवारा थाना क्षेत्र के भरौल गांव की है। बताया जाता है कि बीती रात दोनों मजदूर काम करके सोए हुए थे। उसी दौरान अपराधियों ने सड़क निर्माण करवा रहे ठेकेदार के दो कर्मचारियों की गोली मारकर हत्या कर दी।

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत भरौल से आगपुर तक 2.8 किलोमीटर निर्माण कार्य चल रहा था। कर्मचारियों ने कहा कि कुछ दिन पहले अपराधियों ने रंगदारी की मांग की गई थी अगर रंगदारी नहीं दोगे तो जान से मार दिया जाएगा। रंगदारी नहीं देने से नाराज अपराधियों ने बीती रात 2 मजदूर को गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं तेघड़ा डीएसपी आशीष कुमार आनंद ने बताया कि अपराधियों द्वारा दो मजदूर को गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसकी जांच की जा रही है और जांच के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा।
फिलहाल मौके पर बछवारा थाने के पुलिस पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बताया जाता है कि सोना इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड में दोनों मजदूर काम कर रहे थे। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के रहने वाले रजनीश कुमार और वैशाली जिला के महुआ थाना क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद केसर के रुप में की गई है।
बताते चलें कि जिस तरीके से अपराधी बेगूसराय में बेखौफ हो चुके हैं उससे लोगों में काफी दहशत का माहौल बना हुआ है। पिछले कई दिनों में अपराधियों ने बड़ी बड़ी घटना को अंजाम दिया लेकिन पुलिस अभी तक किसी अपराधियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।












Click it and Unblock the Notifications