बिहारः चिराग के ट्वीट पर जदयू का पलटवार, कहा- तेजस्वी की पूंछ पकड़ के मोदी जी का हनुमान बन रहे हैं
पटना। बिहार विधानसभा के तीसरे चरण से पहले नेताओं के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है। इसी कड़ी में बुधवार को लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने नीतीश कुमार को आड़े हाथों लेते हुए ट्वीट किया कि जदयू सिर्फ महागठबंधन का डर दिखाकर चुनाव जीतना चाहती है। खुद पांच साल क्या किया यह राज किसी को पता नहीं। वहीं इस ट्वीट पर पलटवार करते हुए जदयू नेता अजय आलोक ने भी ट्वीट किया।

उन्होंने कहा कि हमने क्या किया ये देश के साथ विश्व ने भी देखा, लेकिन अंधों को नहीं दिखेगा। आप कह रहे हैं महागठबंधन का डर? तेजस्वी की पूंछ पकड़ के मोदी जी का हनुमान बन रहे हैं। वहीं अजय आलोक के अलावा मंत्री नीरज कुमार ने भी तेजस्वी के साथ-साथ चिराग पर भी हमला बोला।
मंत्री नीरज ने अपने ट्वीट में लिखा-द्वितीय चरण के मतदान में भी बिहार की अमनपसंद और विकासोन्मुख जनता ने राजग को अपना समर्थन देकर होटवार, बेऊर और तिहाड़ से संचालित महागठबंधन एवं जंगलराज के पैरोकार लोजपा को सिरे से खारिज कर दिया। बिहार की जनता ने यह दर्शा दिया कि अब वो इनके राजनीतिक मकड़जाल में फंसने वाली नहीं।
चिराग के हमलों पर जदयू ने पलटवार करते हुए पूछा है कि क्या 10 नवम्बर के बाद भी वह नज़र आएंगे। अजय आलोक ने अपने ट्वीट में लिखा-तेजस्वी की पूंछ पकड़ के मोदी जी का हनुमान बन रहे हैं। 10 नवंबर के बाद नज़र आएंगे आप ? परिवारिक युवराज का अंत इस चुनाव में तय होगा।












Click it and Unblock the Notifications