डांसर के साथ ठुमके लगाते जदयू विधायक का वीडियो वायरल, पहले भी विवादों में रह चुके हैं MLA गोपाल मंडल
भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले के गोपालपुर विधानसभा सीट से जदयू विधायक गोपाल मंडल एक बार फिर से चर्चा में हैं। बीते रविवार को उनका एक डांस वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह एक महिला डांसर के साथ ठुमका लगाते हुए नजर आ रहे हैं। वायरल हो रहा यह वीडियो परबत्ता में आयोजित हुए एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है। बता दें कि जदयू विधायक गोपाल मंडल का डांस वीडियो इससे पूर्व भी वायरल हो चुका है।

हालांकि इस वायरल वीडियो को लेकर कोई कह रहा है कि यह वीडियो काफी पुराना है तो कुछ लोगों का कहना है कि यह वीडियो बीते शनिवार-रविवार का है। चर्चा के मुताबिक विधायक गोपाल मंडल के पैतृक गांव में ऑर्केस्ट्रा का आयोजन हुआ था। वहीं पर जदयू विधायक ने डांसरों के साथ ठुमके लगाए थे। वीडियो के शुरुआत में भक्ति गाना बज रहा है, जिसपर विधायक डांस कर रहे हैं। लेकिन यह गाना खत्म होते ही भोजपुरी गाना बजने लगता है, जिसपर विधायक गोपाल मंडल ठुमके लगा रहे हैं। हालांकि वन इंडिया हिंदी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

वहीं जदयू नेता गुलशन कुमार ने कहा कि वह रात भर कार्यक्रम में थे। लेकिन कभी भी विधायक जी ने नृत्य नहीं किया है। यह वीडियो बनावटी है। बता दें कि विधायक गोपाल मंडल का विवादों से पुराना नाता रहा है। विधायक ने एक बार मायागंज अस्पताल के चिकित्सक को भी एक-47 से गोली मारने की धमकी दी थी। तब उस वक्त खूब हंगामा हुआ था।
इसके अलावा गोपालपुर क्षेत्र के कुछ लोगों से यातायात पुलिस से नोंकझोंक की जानकारी मिलने पर डीएसपी को विक्रमशीला पुल पर गंगा में फेंक देने की बात कही थी। गौरतलब हो कि नरेन्द्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार चौथी बार जीत दर्ज कर इलाके का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications