Bihar News: स्कूल में 250 बच्चे बंधक! मामला कुछ और है, बेगूसराय SP ने बताया क्या है पूरा विवाद
Begusarai News: बिहार के बेगूसराय ज़िले से एक ख़बर आग की तरह फैली कि दबंगों ने एक सप्ताह से निजी स्कूल में 250 बच्चों को बंधक बना कर रखा हुआ है। छात्रों के परिजन अपने बच्चे से मुलाक़ात नहीं कर पा रहे हैं। स्कूल में क़ैद बच्चों की हालत बिगड़ती जा रही है, परिजनों से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।
वन इंडिया हिंदी की टीम इस पूरे मामले की तह तक पहुंची तो मामले की सच्चाई कुछ और ही निकली। आइए विस्तार से जानते हैं पूरा मामला क्या है। ख़बर जो फैली वह थी बेगूसराय जिला के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के समस्तीपुर गांव में दबंगों ने पुलिस प्रशासन को ताक पर रखते हुए दबंगई की हद पार कर दी है।

एक निजी विद्यालय में 700 छात्र पढ़ते हैं, करीब 250 बच्चे स्कूल परिसर में ही रहते हैं। कुछ दबंगों द्वारा स्कूल जाने आने के रास्ते को बंद कर दिया है। बाज़ाबते रास्ते में गड्ढे करवा दिए गए, ताकि कोई गाड़ी आ जा नहीं सके। गड्ढा करते वक्त नल जल योजना के पाइप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
समस्तीपुर गांव का आलम यह है कि छात्रों के परिजन बच्चों से मिलने के लिए बाहर खड़े हैं, लेकिन अपने बच्चों से मिलने के लिए तरस रहे हैं। प्रशासन से लोग मदद की गुहार भी लगा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। संबंधित अधिकारी गोल मटोल जवाब देकर पल्ला झाड़ ले रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन की तरफ़ से कृष्ण मुरारी का आरोप है कि दबंगों द्वारा लगातार स्कूल में पढ़ाई रोकने की कई बार कोशिश की गई है, रास्ते को बंद किया गया है। इस मामले की पुलिस में शिकायत के बावजूद गंभीरता से हल नहीं निकाला जाता है। खानापूर्ति कर किनारा करने की वजह से ही दबंगों के हौसले बुलंद हो गए हैं।
वन इंडिया हिंदी ने इस पूरे मामले में बेगूसराय एसपी मनीष कुमार से बातचीत की, उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की सच्चाई क्या है। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने कहा कि छात्रों को बंधक बनाने की ख़बर पूरी तरह अफवाह है। यह ज़मीन विवाद से जुड़ा हुआ मसला है।
दो भाई के बीच ज़मीन विवाद चल रहा है, बंटवारे को लेकर विवाद है। एक भाई के हिस्से में ज़मीन आई तो दूसरे के हिस्से में स्कूल है। दोनों भाइयों के बीच रास्ते को लेकर मसला है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए सारी परेशानियों का हल निकालने की कोशिश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications