बिहारः बेगूसराय में नहाने के दौरान 5 बच्चों की डूबने से मौत, 4 ने मौके पर तोड़ा दम
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र के रामपुर इटवा चौड़ गांव में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चंवर में नहाने के दौरान 5 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इसमें से 4 बच्चों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गांव में सोमवार की दोपहर पांचों बच्चे स्नान करने चंवर गए थे, इसी दौरान बच्चे गहराई में चले गए। पानी में डूब रहे बच्चों ने मदद के लिए शोर मचाया लेकिन जब तक लोग वहां पहुंचते बच्चे डूब चुके थे।

स्थानीय लोगों ने तैराकों की मदद से सभी बच्चों को चंवर से बाहर निकला। इनमें से एक बच्चे की सांस चल रही थी। आनन-फानन में उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मरने वाले सभी बच्चे 8 से 12 साल के थे।
डूबने से बच्चों की मौत की खबर सुनते ही घटनास्थल पर भीड़ एकत्रित हो गई। मृतक बच्चों की पहचान बखरी थाना क्षेत्र के घघरा गांव निवासी अनुकुल पासवान के पुत्र अनुज कुमार (10), लूटन साह के पुत्र रजनीश कुमार (12), इंद्रदेव महतो के पुत्र अभिषेक कुमार (9), बिंदेश्वरी ठाकुर के पुत्र चैंपियन कुमार (8) और शिवजीत ठाकुर के पुत्र संतोष कुमार (8) के रूप में हुई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने सभी बच्चों की लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बखरी के अंचाधिकारी नितिन कुमार ने बताया कि सभी स्नान करने गए थे, इसी दौरान डूबकर पांचों की मौत हो गई। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा। घटना के बाद मृत बच्चों के घर में कोहराम मच गया है। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।












Click it and Unblock the Notifications