बिहार के एक और ज़िले में मिल सकता स्वर्ण भंडार, खुदाई कर रहे मज़दूरों ने कहा- कुछ भी बताने से किया मना
Bihar Gold Mines: बिहार के एक और जिले में स्वर्ण भंडार के लिए मज़दूर खुदाई के काम में लगे हुए हैं।

Gold Mines Banka News Update: बिहार में जमुई के बाद अब बांका में स्वर्ण भंडार होने की खबर सुर्खियों में बनी हई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ज़मीन के नीचे सोने का ख़ज़ाना दबा हो सकता है। इसलिए यहां निरीक्षण कर खुदाई का काम किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि भारतीय भू वैज्ञानिक सर्वे ऑफ इंडिया की टीम बांका पहुंची हुई है। ज़मीन के अंदर कीमती धातु होने की बात कही जा रही है। इस मामले को लेकर पूरे इलाके में कीमती खजाने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। वहीं खुदाई कर रहे मज़दूरों से बात करने पर उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।
खुदाई कर रहे मज़दूरों का कहना है कि उन्हें इंस्ट्रक्शन दिया गया है कि स्थानीय लोगों से इस मुद्दे पर कोई बात नहीं करें। आपको बता दें कि बांका के चन्देपट्टी गांव (लकरामा पंचायत, जयपुर थाना क्षेत्र, कटोरिया प्रखंड) भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण टीम पहुंची हुई है।
चन्देपट्टी गांव से करीब जोरिया में ड्रिल मशीन की मदद से खुदाई की जा रही है। अगर खुदाई में जमीन के अन्दर से भू खनिज धातु मिलता है तो उसकी जांच होगी। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर खुदाई की जा रही है, वहां अंग्रेज़ों के शासन काल में खनन हुआ था।
एक महीने पहले निरीक्षण करने के लिए टीम आई थी, लेकिन बाद में आगे की कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब फिर से खुदाई का काम शुरू होने पर जिले में स्वर्ण भंडार होने के संभावना जताई जा रही है। वहीं खुदाई वाली जगह पर कोई पदाधिकारी मौजूद नहीं थे। मज़दूर मामले में कुछ भी कहना नहीं चाह रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications