Viral Video: कौन हैं बिहार की वायरल शिक्षिका खुशबू, जिनके मुरीद हुए लोग, कई बार हो चुकी हैं सम्मानित
Bihar Viral Teacher News: बिहार में सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था पर आए दिन सवाल उठते रहे हैं। लोगों को यह शिकायत रहती है कि सरकारी विद्यालयों में सही से पढ़ाई नहीं होती है। वहीं कुछ ऐसे सरकारी शिक्षक भी हैं, जिनके पढ़ाने के अंदाज़ की लोग काफी सराहना करते हैं।
आज हम आपको एक ऐसी ही शिक्षिका के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, लोग उनके पढ़ाने के अंदाज़ के मुरीद हो चुके हैं। कई बार उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग उनकी तारीफ़ करते नहीं थक रहे हैं।

जी हां, हम बात कर रहे हैं, बिहार के बांका ज़िले के कठौन मध्य विद्यालय (कटोरिया प्रखंड) में कार्यरत शिक्षिका खुशबू कुमारी की, सोशल मीडिया पर उनका हिंदी की मात्राओं को पढ़ाते वीडियो वायरल हो रहा है। नीचे दिए वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि किस तरह से खुशबू कुमारी छात्रों को अनोखे अंदाज़ में पढ़ा रही हैं।
आपको बता दें कि इससे पहले भी शिक्षिका खुशबू कुमारी का सही और ग़लत छूने का फर्क समझाते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो को भी लोगों ने खूब सराहा था। छात्रों को अनोख अंदाज़ में तालीम देने वाली खुशबू कुमारी राधा नगर (कोरिया) की निवासी हैं। उनके पति मनीष कुमार आनंद भी एक शिक्षक हैं।
वन इंडिया हिंदी से बात करते हुए खुशबू कुमारी ने बताया कि वह करीब 8 सालों से बच्चों को इसी तरह से तालीम देती आ रही हैं। शुरू से ही उन्हें खेल-कूद करते हुए गीत-संगीत के ज़रिए छात्रों को पढ़ाने की आदत है। इस तरह पढ़ाने से बच्चे आसानी से बातों को सीख लेते हैं। पहले वह फोटो और वीडियो शेयर नहीं करती थी।
ट्रेनिंग के बाद उन्होंने बच्चों को अनोखे अंदाज़ में पढ़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने लगी, ताकि इससे लोगों में और जागरुकता आए। खुशबू कुमारी ने कहा कि बच्चे अक्सर स्कूल जाने के नाम से बहानेबाज़ी करने लगते हैं। अनोखे अंदाज़ में पढ़ाने की वजह से बच्चों का स्कूल से जुड़ाव होता है।
खुशबू कुमारी ने बच्चों को साफ-सफाई के लिए भी जागरूक करते रहती हैं। इसके साथ ही ज़रूरतमंदों की मदद भी करती हैं। आपको बता दें कि उनके इसी काम को सराहते हुए पिछले साल दो बार जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की तरफ़ उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications