Aurangabad News: चेव गांव में संचालित हो रही थी मिनी गन फ़ैक्ट्री, फ़रार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Aurangabad News: बिहार में बदमाशों के हौसले तोड़ने के लिए अब पुलिस भी कमर कस चुकी है। विभिन्न आपराधिक मामलों को पुलिस उद्भेदन भी कर रही है। ताज़ा मामला बिहार के औरंगाबाद ज़िले का है, जहां पुलिस ने मिनी गन फ़ैक्ट्री के आरोपित को गिरफ़्तार किया है।
रफीगंज (औरंगाबाद) की कासमा थाना पुलिस ने फरार आरोपी पर शिकंजा कसा है। वन इंडिया हिंदी से थाना अध्यक्ष मोहम्मद इमरान आलाम ने बताया कि, आरोपी पिछले कई महीनों से फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी कुंवर बिगहा गांव के रहने वाला कर्मचारी यादव (बिंदेश्वर यादव) है।

आपको बता दें कि 17-08-2023 को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया था। पुलिस को छापेमारी के दौरान मौक़े निर्मित और अर्धनिर्मित हथियार बरामद हुए थे। वहीं आरोपी पुलिस की भनक पाते ही मौक़े से फरार हो गया था।
आरोपी के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस को फ़रार आरोपित को गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली। थाना अध्यक्ष मोहम्मद इमरान ने बताया कि पिछले साल थाना क्षेत्र के चेव गांव में छापेमारी की के दौरान मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया था।
पुलिस की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया था, जिसे तलाशी के दौरान रफीगंज से गिरफ्तार किया गया। इस बाबत कागज़ी कार्रवाई कर कर्मचारी यादव उर्फ बिंदेश्वर यादव को जेल भेज दिया गया है। मोहम्मद इमरान आलम ने कहा कि पुलिस और पब्लिक के बीच मधुर संबंध होने से अपराध पर लगाम लगाने में कामयाबी मिल सकती है।
जनता के बीच यह गलतफहमी पैदा हो गई है कि पुलिस उनकी बातों को अनसुना कर देती है। उनकी परेशानियों को नहीं सुनती है। ऐसा बिल्कुल भी नहीं है, पुलिस जनता की हिफाजत के लिए हमेशा से ही तत्पर है। इसलिए पब्लिक को चाहिए कि पुलिस के पास बेखौफ़ होकर अपनी बात रखें ताकि अपराध पर लगाम लगाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications