Bihar Weather News: 4 दिन से बरस रहा आसमान, पानी में डूबे खेत-खलिहान, फसल क्षति का आकलन शुरू, मिलेगा मुआवजा
Bihar Weather News: उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर एरिया ने बिहार, झारखंड और ओडिशा के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। पिछले चार दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने खेतों और खलिहानों को पानी में डुबो दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात 'मोथा' के अवशेष अभी भी असर दिखा रहे हैं, जिसके कारण गंगीय पश्चिम बंगाल और बिहार के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
पटना, दरभंगा, पूर्णिया, किशनगंज और मुजफ्फरपुर जिलों में शनिवार को भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कई जिलों में तापमान 2 से 6 डिग्री तक गिर गया है। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार से बारिश में कमी आएगी, लेकिन आसमान में हल्के बादल और ठंडी हवाएं बनी रहेंगी।

धान के खलिहान भीगे, किसान परेशान
मौसम की यह करवट किसानों के लिए मुसीबत बन गई है। नवंबर के पहले हफ्ते में आमतौर पर धान की कटाई और सूखाई का समय होता है, लेकिन लगातार बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है।
पूर्णिया, गोपालगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और चंपारण जिलों में कटी हुई फसल सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। किसान खेतों से पानी निकालने और भीगी बालियों को बचाने में जुटे हैं। शाहाबाद क्षेत्र - बक्सर, भोजपुर, रोहतास और भभुआ - में देर से लगी धान की फसल अब पाला लगने के खतरे में है।
कृषि विभाग ने पूरे राज्य में फसल क्षति का आकलन शुरू कर दिया है। यदि 33% से अधिक नुकसान पाया जाता है तो किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। सोमवार तक सभी जिलों से रिपोर्ट मांगी गई है।
रुक-रुक कर बारिश से बढ़ी ठंडक, घटा बिजली लोड
पटना और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश से गुलाबी ठंडक बढ़ गई है। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 23.8°C और न्यूनतम 22.1°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि अगले सप्ताह तक सुबह-शाम की ठंड बढ़ेगी, जबकि दिन में हल्की धूप निकल सकती है।
मौसम ठंडा होते ही बिजली की खपत में भी भारी गिरावट आई है। जून में जहां पटना का बिजली लोड 885 मेगावाट तक था, वहीं शुक्रवार को यह घटकर सिर्फ 399 मेगावाट रह गया। एसी और कूलर की कम खपत के कारण यह गिरावट दर्ज की गई है।
ला नीना के असर में रहेगा देश, नवंबर ठंडा लेकिन दिसंबर गर्म
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के अनुसार, नवंबर में देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम अधिकतम तापमान रहेगा। हालांकि, रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस समय ला नीना की स्थिति बनी हुई है, जो दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक जारी रह सकती है। इसका असर सर्दियों के पैटर्न पर दिखेगा, यानी दिन में हल्की धूप लेकिन रातें अपेक्षाकृत गर्म रह सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications