Bihar Weather News: मोंथा तूफान के बाद मौसम में बदलाव, पश्चिमी विक्षोभ का नहीं दिखेगा असर, कैसा रहेगा तापमान?
Bihar Weather News: यूं तो बिहार में ठंड का मौसम अक्टूबर में ही दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार अक्टूबर के आख़िर में मोंथा तूफान की वजह से अचानक तापमान में गिरावट देखने को मिली। लोगों ने पहली बार ठंडक महसूस की। वहीं, अब नवंबर की शुरुआत के साथ मौसम का मिज़ाज फिर बदलने लगा है।
पहला पश्चिमी विक्षोभ हुआ एक्टिव
आज सीजन का पहला पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इसका खास असर बिहार में देखने को नहीं मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ आमतौर पर सर्दी को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है, लेकिन इस बार इसका प्रभाव सीमित रहेगा।

नवंबर के पहले हफ्ते में मौसम का हाल
नवंबर के पहले सप्ताह में बिहार का मौसम मिला-जुला रहेगा। 9 नवंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा और दिन में हल्की मीठी धूप देखने को मिलेगी। पछुआ हवाएं 30 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। राज्य में न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच जबकि अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान: ठंड कुछ कम पड़ेगी
पटना स्थित आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक आशीष कुमार के मुताबिक, इस बार नवंबर में ठंड पिछले सालों के मुकाबले कुछ कम पड़ेगी। अगले 10 दिन तक बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह और शाम हल्की ठंड रहेगी। इस महीने न्यूनतम तापमान 22-23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 28-30 डिग्री तक रह सकता है, जो सामान्य से अधिक है।
बारिश का अनुमान: दूसरे हफ्ते में बूंदाबांदी संभव
आमतौर पर नवंबर में बारिश बहुत कम होती है, लेकिन इस बार थोड़ी बढ़ सकती है। दूसरे सप्ताह में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। पिछले साल नवंबर में लगभग 10 मिमी बारिश हुई थी, जबकि इस बार 12 से 15 मिमी तक होने की संभावना है।
पूर्वी और दक्षिणी बिहार के हिस्सों में बादल और धुंध बने रहने की उम्मीद है। कुल मिलाकर, बिहार में नवंबर की शुरुआत में ठंड अभी सीमित रहेगी। सुबह कोहरा, दिन में धूप और हल्की पछुआ हवा मौसम को सुहावना बनाए रखेगी, लेकिन दिसंबर से ठंड के बढ़ने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications