जहानाबाद छेड़छाड़ मामले में अब तक 4 गिरफ्तार, पीड़िता के बारे में नहीं मिल सकी है जानकारी- पुलिस
जहानाबाद। बिहार स्थित जहानाबाद में एक नाबालिग के साथ छेड़छाड़ और गंदी हरकत करने के मामले में पुलिस ने अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और 3 की तलाश जारी है। यह जानकारी पटना जोनल आईजी पुलिस नैयर हसैनन ने दी। उन्होंन एक प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि वह वीडियो जिसमें एक नाबालिग से करीब, 6-7 लोग छे़ड़छाड़ कर रहे थे, वो 28 अप्रैल की रात पुलिस को मिला। इसके तुरंत बाद ही कार्रवाई शुरू कर दी गई।
आईजी पुलिस ने कहा कि अभी तक लड़की की शिनाख्त नहीं हो पाई है। गिरफ्तार किए गए 4 लोगों ने भी अभी तक लड़की की पहचान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। उन्होंने कहा कि लड़की ने अभी तक इस मामले में अपनी ओर से कोई शिकायत भी नहीं दर्ज कराई है। आईजी ने कहा कि इस मामले में अभी तक सिर्फ आरोपी के ही नाबालिग होने की बात सामने आई है, हालांकि अभी जांच चल रही है। उसके बाद ही कुछ स्पष्ट किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उन्होंने बताया कि दो लोग वीडियो बना रहे थे और उन्होंने 4-5 और लोगों के नाम बताएं हैं। प्रेस वार्ता के दौरान नैयर ने जानकारी दी कि जिस फोन से वीडियो बनाया गया है वो भी बरामद हुआ है।