आमिर सुबहानी बिहार के नए मुख्य सचिव नियुक्त, सीएम नीतीश के हैं भरोसेमंद
पटना, 30 दिसंबर: बिहार के नए मुख्य सचिव के रूप में अब नीतीश सरकार ने आईएएस अधिकारी आमिर सुबहानी को नियुक्त किया है। 1987 बैच के आईएएस अधिकारी सुबहानी अब राज्य में ब्यूरोक्रेसी की कमान संभालेंगे। गुरुवार को उनके पदस्स्थापन की अधिसूचना सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी कर दी है। इस साल के आखिरी में यानी 31 दिसंबर को प्रदेश के निवर्तमान मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण रिटायर हो रहे हैं, जिसके बाद नए चीफ सेक्रेटरी आमिर सुबहानी पद संभालेंगे।

बता दें कि नई जिम्मेदारी मिलने से पहले आमिर सुबहानी विकास आयुक्त के पद पर थे, जिसके बाद अब पोस्ट की जिम्मेवारी समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अतुल प्रसाद को सौंप दी गई है। सुबहानी 1987 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं, उन्होंने अपने बैच में टॉपर किया था। इसी के साथ वो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद अधिकारी हैं। उनकी गिनती सीएम के सबसे करीबी और ताकतवार अधिकारियों में होती है।
इसके अलावा आईएएस अधिकारी सुबहानी 10 साल से ज्यादा के वक्त से गृह सचिव के पद पर तैनात रहे हैं। मूल रूप से सुबहानी सीवान जिले के रहने वाले हैं। हालांकि शुरू से ही इस बात पर चर्चा थी कि आमिर सुबहानी को ही मुख्य सचिव की जिम्मेदारी मिलेगी, वहीं चीफ सेक्रेटरी की रेस में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण का भी नाम शामिल था, क्योंकि वो भी 1987 बैच के ही अधिकारी हैं।
नए चीफ सेक्रेटरी आमिर सुबहानी ने सांख्यिकी (statistics) से पोस्ट ग्रेजुएट की पढ़ाई की है। जानकारी के मुताबिक अप्रैल 2024 तक वह सेवा में रहेंगे। उनकी काफी साफ छवि है, विवादों से उनका दूर-दूर तक कोई नाता नहीं रहा है।












Click it and Unblock the Notifications