बिहार में लोगों पर फिर कहर बनकर गिरी आकाशीय बिजली, 11 की मौत
पटना। बिहार में कोरोना के साथ-साथ बाढ़ और आकाशीय बिजली लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। बीते मंगलवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बिजली गिरने से कुल 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं 9 लोग जख्मी हैं। मृतकों में बांका जिले से 4, जमुई और नालंदा में तीन-तीन लोग जबकि नवादा में एक की मौत हुई है।
Recommended Video

बिजली गिरने की घटना नालंदा जिले के बिंद थाना इलाके के गोविंदपुर गांव की है। मृतकों में गंगाविशुन बिंद के बेटे राजीव बिंद, संजय बिंद के बेटे घनश्याम कुमार और रामविलास राम के बेटे ब्रजकिशोर कुमार शामिल है। वहीं अरविंद कुमार, ओमकार राम और जितेंद्र कुमार घायल हो गए। जबकि रहीमपुर गांव में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि चार युवक घायल हैं। वज्रपात की इन घटनाओं में 9 लोगों के झुलसने की खबर है।
आकाशीय बिजली जमुई के तीन परिवारों पर कहर बनकर टूट पड़ी। तीन अलग-अलग गांव में तीन परिवारों के तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग वज्रपात के चलते घायल भी हो गए। आकाशीय बिजली गिरने से हुई तीन मौतों में दो पुरुष और एक महिला शामिल है। तीनों हादसा जमुई जिले के गिद्धौर, झाझा और चरकापत्थर थाना इलाके का है।
बता दें कि इससे पहले भी रविवार को रोपनी करने के बाद खाना खा रहे मां-बेटे की मौत बिजली गिरने से हो गई थी। इसके अलावा नालंदा जिले में भी तीन लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक मानसून का गहरा असर रहने की संभावना जताई है। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र से लेकर उत्तर बिहार के तराई क्षेत्र तक अच्छी बारिश के आसार हैं।
सीमांचल, चंपारण व मिथिलांचल के जिलों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। साथ ही सभी जिलों में एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम को तैयार रहने के लिए कहा गया है। प्रदेश में बाढ़ के हालात को देखते हुए लोगों के लिए तैनात राहत व बचाव कार्य के लिए अधिकारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications