ओडिशा सरकार का फैसला, इन 7 जिलों में बनाए जाएंगे 55 बहुउद्देश्यीय चक्रवात केंद्र
भुवनेश्वर, जून 28। ओडिशा को लगभग हर वर्ष शक्तिशाली तूफानों का सामना करना पड़ता है। इस कारण जनमानस का जीवन काफी अस्त-व्यस्त और बुरी तरह प्रभावित हो जाता है। इस संबंध में राज्य की नवीन पटनायक सरकार ने एक अहम कदम का ऐलान किया है। राज्य सरकार ने फैसला किया है कि 7 सबसे अधिक संवेदनशील जिलों में 55 बहुउद्देश्यीय चक्रवात केंद्र बनाए जाएंगे।

126 करोड़ की लागत से बनेंगे केंद्र
जानकारी के मुताबिक, इस योजना पर कुल 126.88 करोड़ का खर्च होगा, जिसका वहन चीफ मिनिस्टर रिलीफ फंड से किया जाएगा। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इन चक्रवात केंद्रों के निर्माण को मंजूरी दे दी है। जिसके बाद, राज्य के स्वामित्व वाली ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (OSDMA) ने संबंधित जिला कलेक्टरों को पत्र लिखकर साइटों का शीघ्र चयन और सीमांकन सुनिश्चित करने निर्देश दिए हैं, ताकि इसपर काम जल्द शुरू किया जा सके।
इन जिलों में होना है बहुउद्देश्यीय चक्रवात केंद्र का निर्माण
राज्य के सात संवेदनशील जिलों में बहुउद्देश्यीय चक्रवात केंद्र बनाए जाएंगे। इनमें गंजम में छह, पुरी और कट्टक में चार-चार, जाजपुर में 11, केंद्रपाड़ा में 19, बालासोर में नौ और भद्रक में दो केंद्र खोले जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि कार्य के निष्पादन का जिम्मा ग्रामीण निर्माण विभाग को सौंपा गया है, हालांकि टेंडर प्रक्रिया चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications