ओडिशा में कोरोना की तीसरी लहर को लेकर युद्ध स्तर पर होगी तैयारी, सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
भुवनेश्वर, जून 9। ओडिशा में कोरोना की तीसरी लहर को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर चल रही हैं। राज्य सरकार हेल्थ सेक्टर को मजबूत करने में लगी है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार 1114 डॉक्टरों और 1036 स्टाफ नर्सों को प्रशिक्षित करेगी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में चाइल्ड केयर सेंटर तैयार किए जाएंगे। आपको बता दें कि कोरोना की तीसरी लहर संभावित रूप से बच्चों को निशाना बना सकती है।

डेली वैक्सीनेशन को 1.5 लाख से 3 लाख किया जाएगा
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बुधवार को कोरोना की स्थिति को लेकर एक समीक्षा बैठक की। इस मीटिंग में ये निर्णय लिए गए कि तीसरी लहर को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर की जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तीसरी लहर को लेकर अभी से तैयारी कर ली जाएं। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि अस्पतालों में बिस्तरों की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ-साथ दवाओं और उपकरणों की भी व्यवस्था पहले से करके रखनी चाहिए। नवीन पटनायक ने तकनीकी टास्क फोर्स कमेटी की सिफारिशों के आधार पर अग्रिम तैयारी शुरू करने और टीकाकरण को प्रतिदिन 1.5 लाख से बढ़ाकर 3 लाख करने का निर्देश दिया।
अस्पतालों में बेड की स्थिति
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य पीके महापात्र ने बताया कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए 3,000 सामान्य बेड, 2,390 आइसोलेशन बेड और 610 इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) बेड तैयार रखे गए हैं। इसके अलावा, सरकार ने बच्चों पर ध्यान केंद्रित करते हुए 15 जून से गंजम, कोरापुट और रायगडा जिलों में चौथा सीरो सर्वेक्षण शुरू करने का भी फैसला किया है।
86 फीसदी मरीज होम आइसोलेशन में कर रहे हैं इलाज
महापात्र ने कहा कि कोविड अस्पतालों में 68 फीसदी बेड अभी खाली हैं क्योंकि 86 फीसदी मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्याप्त ऑक्सीजन की आपूर्ति और दवाओं का भंडार है। अब तक, राज्य ने टीकाकरण की 83,62,105 खुराकें पूरी कर ली हैं।












Click it and Unblock the Notifications