MP: राजू श्रीवास्तव की तरह रीवा में MBBS छात्र को अटैक, जिम में वर्कआउट करते समय अचानक हुई मौत
रीवा, 22 सितंबर। हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट के मामले छात्रों में भी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। हर वर्ष हजारों की तादाद में कम उम्र के युवा इस वजह से मौत के मुंह में जा रहे हैं। मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की 21 सितंबर को दिल्ली एम्स में मौत हो गई। उन्हें 42 दिन पहले हार्ट अटैक आया था। जिसके बाद वे मौत से जंग लड़ रहे थे। 58 साल के राजू श्रीवास्तव थे और वे अपनी बेहतरीन फिटनेस के लिए भी मशहूर थे। एक ऐसा ही मामला रीवा में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे छात्र की जिम में एक्सरसाइज करते समय अचानक धड़कन रुक जाने से मौत हो गई। मृतक छात्र मुरैना का रहने वाला था। अब इस मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी।
Recommended Video

मुरैना निवासी छात्र रीवा में कर रहा था मेडिकल की पढ़ाई
रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में ओम गोयल उम्र 21 वर्ष पुत्र मुकेश गोयल एमबीबीएस सेकंड ईयर का स्टूडेंट था। वह मुरैना के गांधी नगर वार्ड का रहने वाला था। पिता मुरैना में सराफा व्यापारी हैं। ओम गोयल के दोस्तों ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे ओम ट्रेडमिल पर रनिंग कर रहा था। इसी दौरान थकान लगी, तो वह कूलर के सामने खड़ा हो गया। थोड़ी देर बाद बेहोश होकर गिर गया। जिम के साथियों ने जिम कर्मचारियों को सूचना दी। इसके बाद संजय गांधी मेडिकल हॉस्पिटल लेकर पहुंचे

मेडिकल छात्रों ने जिम संचालक के ऊपर कार्यवाही की मांग की
अमहिया थाना टीआई एसआई दीपक तिवारी ने जानकारी दी कि ओम गोयल 2020 बैच का था। 2 वर्ष से रीवा के जेल रोड मौजूद सरस्वती स्कूल के सामने छात्रावास में रखकर पढ़ाई कर रहा था। ओम फिटनेस फ्रीक था। हालांकि घटना के बाद से जिम ट्रेनर फरार है। जूनियर डॉक्टरों ने फोन किया तो जिम संचालक फोन नहीं उठा रहा। मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंटो ने जिम संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दूसरा दिन था जिम में जाना
ओम गोयल ने 19 सितंबर से ही ‘द कर्वे 2.0 जिम जॉइन किया था। 20 सितंबर को दूसरा दिन था। जिम के दोस्तों ने बताया कि ट्रेडमिल पर रनिंग के दौरान ज्यादा पसीना बहने के बाद कूलर के सामने हवा लेने लगा। इसी बीच उसे हार्ट अटैक आ गया।

परिवार वाले पुलिस से सीसीटीवी फुटेज से की मांग
ओम के बड़े भाई डॉक्टर सूरज गोयल के कहने पर पुलिस ने बंद जिम को खुलवाया है। परिवारवालों का मानना है कि यदि सीसीटीवी फुटेज मिल जाएंगे, तो घटना का पता चल जाएगा, लेकिन जिम में सीसीटीवी नहीं लगे हैं।

एसजीएमएच के सीएमओ डॉक्टर यत्नेश त्रिपाठी ने बताया
एसजीएमएच के सीएमओ डॉक्टर यत्नेश त्रिपाठी ने जानकारी दी कि प्रथमदृष्टया जांच में हार्ट अटैक की बात सामने आ रही है। शरीर के कई अंगों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए। रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आएगी। वहीं पीएम रिपोर्ट का इंतजार भी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया है। जिसे परिजन लेकर मुरैना के लिए रवाना हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications