Kuno में अब चीतों की स्थिति की रोजाना होगी समीक्षा, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अफसरों को दिए निर्देश
Kuno Cheetah: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका ले लाए गए चीतों को लेकर सरकार बेहद गंभीर हैं। बीते कुछ समय में यहां चीतों की हुई मौत के कारणों की लगातार समीक्षा की जा रही हैं। भविष्य में ऐसा न हो इसके भी भरसक प्रयास हो रहे हैं।
इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कूनो पार्क प्रबंधन और चीता प्रोजेक्ट से जुड़े उच्च स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक ली। उन्होंने चीतों की मौत को लेकर चिंता भी जताई। सीएम ने कहा कि चीता पुनर्वास प्रोजेक्ट में टास्क फोर्स को राज्य शासन की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए।
चीतों के स्वास्थ्य और देखभाल के लिए तय गाइड लाइन का पालन हो, इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होना चाहिए। क्षेत्र में पर्याप्त वन्य-प्राणी चिकित्सकों सहित सभी आवश्यक दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही चीतों की स्थिति की नियमित समीक्षा की व्यवस्था हो। आवश्यकता होने पर फॉरेस्ट गार्ड की संख्या और पुनर्वास प्रोजेक्ट के लिए उपलब्ध क्षेत्र में वृद्धि की जाए।

इस बैठक में वन मंत्री कुंवर विजय शाह वर्चुअली शामिल हुए। साथ ही मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव वन जे.एन. कंसोटिया और वन विभाग के अधिकारी भी थे। बताया गया कि चीता परियोजना का क्रियान्वयन केन्द्र सरकार द्वारा गठित चीता टास्क फोर्स के निर्णयों के अनुसार किया जाता है। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नामीबिया से 8 और दक्षिण अफ्रीका से 12 इस प्रकार कुल 20 चीते लाए गए। वर्तमान में 10 चीते खुले जंगल में विचरण कर रहे हैं और 5 चीतों को बाड़ों में रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि सभी चीतों की 24 घंटे मॉनीटरिंग की जा रही है। भारतीय वन्य जीवन संस्थान, देहरादून का एक शोध दल पूर्णकालिक रूप से परियोजना के क्रियान्वयन के लिए पालपुर में मौजूद है।












Click it and Unblock the Notifications