CM शिवराज ने पंचायत सचिवों के लिए की घोषणा, हर महीने की 1 तारीख को वेतन व 7वें वेतनमान का मिलेगा लाभ
Bhopal News: मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश शासन में सभी वर्गों को खुश करने में लगे हुए हैं। गुरुवार को राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में सीएम शिवराज ने पंचायत सचिवों के लिए बड़ा ऐलान किया। सीएम ने कहा कि पंचायत सचिवों को अब सातवें वेतनमान का लाभ दिया जाएगा। उन्हें नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रिटायरमेंट होने पर पंचायत सचिवों को ₹3 लाख एकमुश्त दिए जाएंगे। उन्होंने लंबे समय से सरकार से खफा चल रहे पंचायत सचिवों की नाराजगी को दूर करने के लिए कई घोषणाएं की कार्यक्रम में पंचायत राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल और एसीएस पंचायत मलय श्रीवास्तव, शिव चौबे, रमेश शर्मा समेत पंचायत सचिव संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

सीएम शिवराज की पंचायत सचिवों को महत्वपूर्ण सौगातें
- ये सुनिश्चित करेंगे कि 1 तारीख को आपका वेतन आपको मिल जाए।
- पंचायत सचिवों को 7वें वेतनमान का लाभ तत्काल प्रभाव से दिया जाएगा।
- पंचायत सचिवों को समयमान वेतनमान भी दिया जाएगा।
- पंचायत सचिव की असमय मृत्यु पर आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी।
- सेवानिवृत्त होने पर एकमुश्त 3 लाख रुपये की राशि मिलेगी।
- पीसीओ के पदों पर नियुक्ति के समय 50 प्रतिशत आरक्षण ग्राम पंचायत सचिवों को मिलेगा।
- ₹5 लाख का दुर्घटना और स्वास्थ्य बीमा मिलेगा।
- नियमित कर्मचारी के समान पंचायत सचिवों को सभी सुविधाएं देने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
सीएम शिवराज ने कहा कि पंचायत सचिव, पंचायत कार्यालय के प्रभारी हैं और सरकार तथा ग्राम पंचायत के बीच सेतु का काम करते हैं। वो देश व प्रदेश की सरकार को गांव की सरकार से जोड़ने का काम करते हैं। आपके भरोसे ही हमने केंद्र और राज्य सरकार की अनेकों योजनाओं को आदर्श रूप से मध्यप्रदेश में क्रियान्वित किया है।
सीएम शिवराज ने कहा कि विकास के कार्यों को धरती पर उतारने और हितग्राहीमूलक योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए पंचायत सचिवों ने अद्भुत काम किया है। भारत की आत्मा गांवों में बसती है। गांवों को विकसित, सुविधा संपन्न और आत्मनिर्भर बनाना, ये विकसित भारत के लिए जरूरी है। गांवों के उत्थान की नींव अगर कोई है तो वो पंचायत सचिव हैं।












Click it and Unblock the Notifications