'मैं लिखकर दे सकता हूं कि मध्य प्रदेश चुनाव में कांग्रेस जीतेगी', केजरीवाल की तर्ज पर अब राहुल गांधी का बयान
एमपी में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में MP में BJP का सूपड़ा साफ हो जाएगा। एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी।
मध्यप्रदेश में साल के आखिरी दिन राहुल गांधी के बयान ने सियासत को गर्म कर दिया है। दरअसल राहुल गांधी ने प्रदेश में 2023 के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश से भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा और एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने केजरीवाल की तर्ज पर मीडिया कर्मियों से कहा कि मैं आपको एक बात लिख कर देता हूं कि कांग्रेस मध्य प्रदेश के चुनाव में स्वीप करेगी। बीजेपी वहा पर दिखाई नहीं देगी। मध्य प्रदेश में तूफान आया हुआ है और वह हर कोई जनता है कि भाजपा ने वहां चोरी से और पैसा देकर सरकार बनाई है। प्रदेश की जनता में भाजपा को लेकर गुस्सा है।

भाजपा का होगा सूपड़ा साफ
दरअसल राहुल गांधी शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान मध्यप्रदेश में चुनाव को लेकर पत्रकारों ने जब सवाल किया तो राहुल गांधी ने केजरीवाल की तर्ज पर गारंटी देते हुए ये बयान दिया। राहुल गांधी ने कहा कि मध्यप्रदेश में मैंने "भारत जोड़ो यात्रा" के दौरान प्रदेश की जनता का गुस्सा देखा है मियां लिखकर दे सकता हूं कि मध्य प्रदेश चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ होने जा रहा है बीजेपी कहीं नजर नहीं आएगी मैं आपको इसकी गारंटी दे सकता हूं मध्य प्रदेश का हर व्यक्ति जानता है कि भाजपा ने पैसे से अपनी सरकार बनाई है।
Recommended Video

केजरीवाल ने भी दिया था ऐसा बयान
बता दें इससे पहले पंजाब और गुजरात चुनाव के दौरान केजरीवाल भी मीडिया कर्मियों को लिखकर दे चुके हैं कि प्रदेश में उनकी सरकार बनेगी। पंजाब चुनाव में तो ऐसा हुआ भी लेकिन गुजरात चुनाव में उनका यह फार्मूला काम नहीं कर पाया। अब केजरीवाल की तर्ज पर राहुल गांधी ने भी यह बड़ा बयान दिया है। राहुल गांधी का यह बयान कितना सच साबित होगा यह तो मध्य प्रदेश में 2023 के आने वाले विधानसभा चुनाव में पता चलेगा, लेकिन उनके इस बयान ने प्रदेश की सियासत को जरूर हलचल पैदा कर दी है।

राहुल गांधी के बयान पर मंत्री विश्वास सारंग ने पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी क्या कहते हैं, क्या करते हैं, क्या सोचते हैं ये भगवान ही मालिक है। सारंग ने कहा कि इसी को मुंगेरी लाल के हसीन सपने कहते हैं। राहुल गांधी की दिक्कत ये ही है कि वो जब खेत में खड़े होते हैं तब खलिहान की बात करते हैं और जब खलिहान में होते हैं तो खेत की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी।

कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाने के लिए 1 जनवरी को संकल्प दिवस
वहीं भोपाल में प्रदेश कांग्रेस 1 जनवरी को संकल्प दिवस के रूप में मनाने की तैयारी कर रही है। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया कि पीसीसी चीफ कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाने के लिए कांग्रेस 1 जनवरी को संकल्प दिवस मनाएगी। इसके लिए ब्लॉक स्तर से लेकर पार्टी के उच्च अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार की जनविरोधी नीतियों को भी जनता के सामने लाने के लिए रैली निकाली जाएगी।

MP में कांग्रेस सरकार बनने जा रही है : कमलनाथ
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी इसमें कोई दो राय नहीं है। वहीं उन्होंने मीडिया रिपोर्ट में सर्वे को लेकर कहा कि कांग्रेस ने ऐसा कोई सर्वे नहीं कराया है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में इस साल होने वाले चुनाव में कांग्रेस सरकार बनने जा रही है उन्होंने कहा कि इस तरह की खबरें और सर्वे भ्रामक और निराधार हैं।












Click it and Unblock the Notifications