रीवा में पुलिस ने जब्त की 50 हजार की 11 ग्राम ब्राउन शुगर, ASI का बेटा गिरफ्तार
रीवा, 2 अगस्त। शहर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिल्पी प्लाजा बाजार से ब्राउन शुगर के साथ 1 युवक को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह एक एएसआई का बेटा है। उसे ब्राउनसुगर नशे की लत लगी हुई है। इसके अलावा वो ब्राउनसुगर का धंधा भी करता है। जब उसे गिरफ्तार किया गया उस समय भी वो मुख्य बाजार शिल्पी प्लाजा में किसी को माल पहुंचाने गया हुआ था।

ब्राउन शुगर के साथ पुलिस का बेटा गिरफ्तार
पुलिस की मानें तो युवक की तलाश काफी दिनों से थी। युवक जैसे ही ब्राउन शुगर लेकर पहुंचा तो पुलिस ने उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उसे पकड़ लिया और तलाशी के दौरान उसकी जेब से ब्राउन शुगर की पुड़िया भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए युवक की पहचान ऋषि सिंह के रुप में हुई है। जो पुलिस लाइन में रहने वाले एएसआई पुलिस का बेटा है।
ब्राउनशुगर की कीमत करीब 50 हजार रुपये
पुलिस ने बताया कि युवक ब्राउनशुगर बेचने के लिए मुख्य बाजार शिल्पी प्लाजा में खड़ा हुआ था। तभी दबिश दी गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की मानें तो आरोपी के पास से 11 ग्राम ब्राउनसुगर पकड़ी गई है। जिसकी अनुमानित कीमत तकरीबन 50 हजार रुपये है।
मेडिकल नशे का हब विंध्य क्षेत्र
बता दें मध्य प्रदेश में नशे के खिलाफ सबसे अधिक कार्रवाई की रिकॉर्ड विंध्य क्षेत्र की पुलिस के नाम दर्ज है। बावजूद इसके नशे का चलन यहां बंद होने का नाम नहीं ले रहा है। रीवा जिला मेडिकल नशे का गढ़ माना जाता है। जहां हर तरह के नशे का सेवन करने वाले लोग पाए जाते है। आए दिन यहां से नशे के कारोबार और नशे के कारण होने वाली किसी न किसी घटना की खबर आती रहती है।












Click it and Unblock the Notifications