बदहाल सड़कों, बिजली की कमी और पानी के संकट जैसी समस्याओं के लिए कुख्यात था मध्य प्रदेश: विष्णुदत्त शर्मा
Bhopal BJP News: वीडी शर्मा ने कहा कि साल 2003 में बीजेपी विरासत में मिले बदहाल प्रदेश के विकास का संकल्प लेकर सत्ता में आई थी और बीते 18 सालों में बीजेपी की सरकार ने मध्य प्रदेश को विकास की डगर पर दौड़ने वाला राज्य बना दिया है। प्रदेश के कायाकल्प के अगले चरण में सीएम शिवराज सिंह चौहान की सरकार प्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश बनाने के लिए काम कर रही है और प्रदेश को संतुलित और समग्र विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा रही है।
इंदौर में मेट्रो का ट्रायल रन, जावद में बॉयो टेक्नोलॉजी पार्क की स्थापना और नीमच के समीप भादवा माता लोक का विकास प्रदेश के विकास की इसी कहानी की कड़ियां हैं। ये बात BJP के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने CM शिवराज द्वारा इंदौर मेट्रो के ट्रायल रन को हरी झंडी दिखाने और बॉयो टेक्नोलॉजी पार्क एवं भादवा माता लोक का भूमिपूजन किए जाने पर आभार जताते हुए कही।

तेजी से हो रहा अधोसंरचना का विकास
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश जो कभी बदहाल सड़कों, बिजली की कमी और पानी के संकट जैसी समस्याओं के लिए कुख्यात था, आज अधोसंरचना के मामले में देश के सर्वोत्तम राज्यों की बराबरी पर है। प्रदेश में सड़कों, राजमार्गों से लेकर एक्सप्रेस वे तक का काम तेजी से चल रहा है, वहीं, रेल नेटवर्क तथा हवाई परिवहन सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। राज्य में बिजली सरप्लस में है और सिंचाई क्षमता 47 लाख हेक्टेयर पर पहुंच चुकी है। केन-बेतवा लिंक परियोजना के पूर्ण हो जाने पर इसमें और वृद्धि होगी।
शर्मा ने कहा कि केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार के आने के बाद प्रदेश के विकास में और तेजी आई है। उन्होंने कहा कि भोपाल तथा इंदौर में जल्द से जल्द मेट्रो ट्रेन की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में प्रदेश सरकार पूरी गंभीरता दिखा रही है। भोपाल के बाद अब इंदौर में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने मेट्रो के ट्रायल रन को हरी झंडी दिखा दी है, जिसके बाद अब शहर में मेट्रो के संचालन का रास्ता खुल जाएगा।
शिक्षा का हब बनता मध्यप्रदेश
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश आज शिक्षा का हब बनता जा रहा है। पहले जहां प्रदेश में 6 मेडिकल कॉलेज हुआ करते थे वही आज 36 मेडिकल कॉलेज हैं। हर बड़े शहर में विश्वविद्यालय हैं। मध्यप्रदेश के 9200 विद्यालयों को सर्वसुविधायुक्त कर सीएम राइज स्कूल बनाया जा रहा है। स्कूली बच्चों को छात्रवृत्ति, लैपटॉप, स्कूटी दी जा रही है। अनुसूचित जाति वर्ग के लिए प्रदेश में 1933 छात्रावास संचालित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के माध्यम से युवाओं को जहां प्रशिक्षित किया जा रहा है वहीं उन्हें प्रतिमाह 8 हजार रूपए स्टाईपेंड के रूप में दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बेटियों को शिक्षित कर समाज की नींव मजबूत करने के संकल्प पर अमल करते हुए बेटियों की शिक्षा को मजबूत व्यवस्थाएं की हैं। बेटियों की शिक्षा की जिम्मेदारी सरकार ने उठा ली है। प्रदेश सरकार ने मध्यप्रदेश के होनहारों और भविष्य निर्माताओं की शिक्षा और शैक्षणिक विकास के लिए कोई प्रयास अधूरा नहीं रहने दिया।
तेज होगा औद्योगिक विकास, मिलेंगे रोजगार
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश में उद्योगों की स्थापना तथा विकास भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य के लिए इंदौर में ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया था। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने बीना में 50 हजार करोड़ की लागत वाले जिस पेट्रोकेमिकल कांपलेक्स का भूमिपूजन किया है, उससे समूचे क्षेत्र में सहायक उद्योगों का विकास होगा तथा रोजगार के लाखों अवसर पैदा होंगे। ॉ
वहीं, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आज जावद में प्रदेश के पहले बॉयो टेक्नोलॉजी पार्क का भूमिपूजन करके प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति देने का काम किया है। पार्क की स्थापना का मुख्य उद्देश्य बायो-टेक्नोलॉजी में नवीन अनुसंधान और विकास संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देना है, जिसके लिये 8 उच्च-स्तरीय प्रायोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। लगभग 40 एकड़ भूमि में करीब 50 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह पार्क अनुसंधान के साथ विकास का एक बड़ा केंद्र तो होगा ही साथ ही, उद्योगों के लिये तकनीकी हस्तांतरण से लाखों रोज़गारों का सृजन भी करेगा।












Click it and Unblock the Notifications