MP: मतगणना के पहले बवाल: पार्षद प्रत्याशियों के गुटों में मारपीट, चले लाठी-डंडे, कई घायल
सतना 10 जुलाई: नगरीय निगम चुनाव की मतगणना के पहले ही सतना में चुनावी हिंसा की घटनाएं आना शुरू हो चुकी हैं। शनिवार को देर रात नगरीय क्षेत्र के बगहा वार्ड नंबर तीन में दो गुटों में चुनावी मसले को लेकर हुए जबरदस्त विवाद में जमकर लाठी-डंडे फरसे चले हैं। इस विवाद में पूर्व पार्षद समेत दोनों पक्षों के लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जबकि एक कार समेत 5 गाड़ियाें में तोड़फोड़ की गई है। घटना के बाद से बगहा में तनाव और दहशत का माहौल है। एहतियाती तौर पर वहां पुलिस फोर्स तैनात है। बगहा में मतदान के बाद से चले आ रहे तनावपूर्ण माहौल के बीच शनिवार की रात जमकर बवाल हुआ। कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी जितेंद्र सिंह छोटकू के समर्थकों ने पूर्व पार्षद ऊषा सतेंद्र दुबे के घर मे घुसकर पत्थर बरसाए।

पार्षद उम्मीदवार पर भी किया हमला
पूर्व पार्षद के घर में घुसकर हमले की खबर मिलने पर बीजेपी के पार्षद प्रत्याशी अभिषेक तिवारी अंशू भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। जितेंद्र और उसके दो दर्जन से अधिक समर्थकों ने उन पर भी हमला बोल दिया। अभिषेक और उनके साथियों पर पत्थर, लाठी-डंडे बरसाने के साथ ही कुल्हाड़ी और फरसे से भी हमला किया गया। जब वे बचाव के लिए इधर उधर भागने लगे तो उपद्रवियों ने उनके वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना में पूर्व पार्षद ऊषा सतेंद्र दुबे गंभीर रूप से घायल हुई हैं। जबकि दोनों पक्षों के 5 अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। जितेंद्र सिंह के चाचा गजेंद्र सिंह भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने पर सपना शहर के 3 थानों के टीआई, सीएसपी तथा एडिशनल एसपी भी भारी पुलिस फोर्स के साथ बगहा पहुंच गए। पुलिस दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत दर्ज कर जांच कर रही है।

बीते कुछ दिनों से तनाव का माहौल
वार्ड वासियों ने बताया कि 3 दिनों से माहौल खराब था। शनिवार की शाम भी पुलिस को सूचना दी गई तो टीआई आईं और माइकिंग कर लोगों को थाने जाने के लिए कहकर चली गईं। जिस वक्त टीआई पहुंची थीं अभिषेक भी अपने साथियों के साथ स्कूल के पास खड़े थे। वे शिकायत दर्ज कराने थाने गए तो इधर जितेंद्र और उसके साथियों ने पूर्व पार्षद के घर पर धावा बोल दिया। खबर मिलने पर अभिषेक और उनके समर्थक थाने से बगहा पहुंचे तो वहां पहले से ही तैयार बैठे कांग्रेस प्रत्याशी के साथियों ने उन पर भी हमला कर दिया।

जितेंद्र सिंह बोले
इस घटनाक्रम में जितेंद्र सिंह का कहना है कि पहले हमला उनके घर पर हुआ। उनके चाचा गजेंद्र सिंह घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई हुई तो लोग गाड़ियां छोड़ कर भाग गए। दूसरे पक्ष का कहना है कि कांग्रेस प्रत्याशी के साथियों ने अंधाधुंध लाठियां और फरसे चलाए हैं। वे पूर्व पार्षद से खुन्नस खाए हुए थे। उन्हें आशंका थी कि उन्होंने चुनाव में बीजेपी का सहयोग किया है।

मतदान के दिन की थी गाली गलौज
वार्ड वासियों का कहना है कि जितेंद्र सिंह वोटिंग के दिन भी उपद्रव कर रहा था। मतदान के बाद उसने सरेआम लोगों को अपमानित करना और अपशब्दों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर वार्ड में तनाव का माहौल बना हुआ था। जिसकी सूचना विवाद की आशंका के मद्देनजर पुलिस को दी गई थी। पुलिस संजीदा होती तो घटना टल सकती थी।

अस्पताल में लगा हुजूम
दोनों दलों के घायलों को अस्पताल लाया गया तो अस्पताल में दोनों दलों के लोगों का हुजूम लग गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मकसूद अहमद, युकां नेता राजदीप सिंह मोनू समेत भारी संख्या में कांग्रेसी वहां पहुंच गए। बीजेपी की जिला महामंत्री प्रतिमा बागरी भी पहुंची। सिविल लाइन टीआई ने दोनों दलों की तरफ से शिकायत अस्पताल में ही लिखी। सिविल लाइन पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हालात पर काबू पाया गया और बड़ी घटना को रोक लिया गया। स्थिति सामान्य है और दोनों पक्षों को हिदायत दे दी गई है। घटना की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications