Bhopal News: कश्मीर में धारा 370 और आंतरिक मामलों में भारत ने लिया दृढ़ता से निर्णय: BJP नेता सहस्त्रबुद्धे
बीजेपी नेता विनय सहस्त्र बुद्धे ने भोपाल में संयुक्त मोर्चा सम्मेलन और देवास में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि आज भारत दुनिया के अन्य देशों से आंख मिलाकर बात करता है।
MP BJP NEWS: मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार कार्यकर्ताओं के बीच बैठक कर उत्साह बढ़ाने का काम कर रहे हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी के 9 कार्यकाल को लेकर प्रदेश भाजपा द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज भोपाल के मानस भवन स्थित स्वामी विवेकानंद चौराहे पर विधानसभा के संयुक्त मोर्चा सम्मेलन का आयोजन किया गया। जहां भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के अध्यक्ष डॉ विनय सहस्त्र बुद्धे ने कहा कि एक समय था जब भारत दुनिया के आगे हाथ बांधकर खड़ा रहता था। देश को अपने आंतरिक निर्णयों के लिए विदेशी सहमति का इंतजार करना पड़ता था, लेकिन आज PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में एक ऐसी सरकार है जिसने विश्व में भारत का वर्चस्व बढ़ाया है।
डॉ विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि कश्मीर में धारा 370 और अन्य आंतरिक मामले में भारत ने हर मोर्चे पर दृढ़ता से निर्णय लेकर पूरे विश्व को दिखा दिया है कि यह पुराना भारत नहीं, सशक्त और प्रभावी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाला नया भारत है। जो अपने अधिकारों के लिए अड़ भी सकता है और जरूरत पड़े तो दुश्मन के घर में घुसकर उसे सबक भी सिखा सकता है। इस अवसर पर लोकसभा क्लस्टर प्रभारी सुरेश आर्य, जिला प्रभारी महेंद्र यादव, भोपाल जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, जिला अध्यक्ष ग्रामीण केदार मंडलोई सहित सभी मोर्चों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

मोदी सरकार ने 9 वर्ष के कार्यकाल में लायी कई जनहितैषी योजनाएं- सहस्त्रबुद्वे
सांसद डॉ सहस्त्रबुद्वे ने देवास के सयाजी द्वार पर आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि जनप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सरकार ने 9 वर्ष के कार्यकाल में अनेकों योजनाएं बनाकर जनता को लाभ दिलाया है। कांग्रेस के राज में देश में भ्रष्टाचार व्याप्त था, आज मोदी जी के राज में भ्रष्टाचार खत्म हुआ है। 1971 में इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाने की बात की थी परंतु उन्होंने गरीबी तो नहीं हटायी परंतु गरीबों को ही हटा दिया। संवेदनशील प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के गरीबों के लिए आवास योजना, नल जल योजना, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, आयुष्मान योजना लाकर उनको लाभ दिया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को शहर से जुड़ने के लिए सड़कों का निर्माण निरंतर किया जा रहा है। कृषि के क्षेत्र में भी मोदी सरकार प्रारंभ से प्रतिबद्ध है। डॉ सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि मोदी सरकार के बीते 9 वर्षों में भारत गरीबों एवं वचितों की सेवा करने वाला, नारी शक्ति को संबल देने वाला, युवाओं के सपनों को पूरा करने वाला, किसानों के कल्याण को सुनिश्चित करने वाला, सबके लिए सहज और उत्तम सेवाएं उपलब्ध कराने वाला तथा निरंतर विकास करने वाला भारत बना है। उन्होंने कहा कि आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला है। आज भारत के विकास में गति भी है, शक्ति भी है, सुरक्षा भी है और संयम भी। यह नया भारत है, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सपनों का भारत है। यह मिशन इंडिया के तहत आगे बढ़ता हुआ भारत है।
इस दौरान मंच पर सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी, लोकसभा क्लस्टर प्रभारी सुरेश आर्य, विधायक गायत्री राजे पंवार, मनोज चौधरी, महापौर गीता अग्रवाल, पूर्व विधायक राजेन्द्र वर्मा, जिला प्रभारी मधु वर्मा, जिला अध्यक्ष राजीव खण्डेलवाल, अरूण भीमावत, रायसिंह सेंधव, शरद पाचूनकर, दुर्गेश अग्रवाल, रवि जैन, जयवर्द्धन जोशी सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications