मध्य प्रदेश सरकार का दावा : कोरोना संक्रमण पर लगभग काबू पाया, अब गांवों में छोटी-छोटी समितियों की लेंगे मदद
भोपाल, 5 मई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को दावा किया कि हमने अब कोरोना संक्रमण पर लगभग नियंत्रण पा लिया है। स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। अब गांवों में छोटी-छोटी समितियां बनाएंगे जो कोरोना कर्फ्यू और कोरोना से बचने के उपाय के बारे में खुद तय करेंगी।

बता दें, राज्य के ज्यादा संक्रमित जिलों में सख्त लॉकडाउन लागू किया गया है। यहां तक की आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व बाजारों के खुलने-बंद होने का समय भी तय कर दिया गया है। इसके अच्छे नतीजे देखने को मिल रहे हैं। अनावश्यक रूप से घरों से निकलने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
बीते 24 घंटे में मिले 12 हजार से ज्यादा संक्रमित
प्रदेश में टेस्ट बढ़ने के बाद भी नए संक्रमित कम मिले हैं। तीन मई को 64 हजार लोगों की जांच की गई, इसमें 19 फीसदी संक्रमित पाए गए। यानी करीब 18 दिन बाद यह दर 20 प्रतिशत से नीचे आई है। इससे पहले 18 अप्रैल को प्रदेश में संक्रमण दर 25.3 फीसदी के उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। यह दूसरी लहर का पीक माना जा रहा है। एक अप्रैल को प्रदेश की संक्रमण दर 10.4 प्रतिशत थी।
संक्रमण दर घटी है, इसका मतलब यह नहीं है हालात पूरी तरह सुधर गए हैं। राज्य में अब भी रोजाना 12 से 13 हजार नए मरीज मिल रहे हैं। बीते सात दिनों से यही स्थिति है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में 12,236 नए कोरोना मरीज मिले हैं और 98 की मौत हुई है। राज्य में कोरोना से मरने वाले लोगों की संख्या छह हजार के पार हो गई है। सोमवार को कोविड-19 के 1805 नए मामले इंदौर में आए, जबकि भोपाल में 1673, ग्वालियर में 1096 एवं जबलपुर में 711 नए मामले आए।












Click it and Unblock the Notifications