MP Election 2023: बुधनी से CM शिवराज को टक्कर देने डेढ़ दर्जन से अधिक स्थानीय कांग्रेसियों ने पेश की दावेदारी
MP Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के पहले कांग्रेस में स्थानीय दावेदारों की झड़ी सी लगना शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को उनके बुधनी विधानसभा में पिछले दो चुनाव में बाहरी उम्मीदवार उतार कर कांग्रेस ने टक्कर देने का प्रयास किया, लेकिन उनके यह दोनों ही प्रयास रत्ती भर भी असरकारक नहीं हो पाए। नतीजे में इस बार डेढ़ दर्जन के लगभग स्थानीय नेता शिवराज सिंह चौहान को टक्कर देने के लिए अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं। इनमें से दो दावेदार को छोड़ दिया जाए तो किसी ने भी अब तक विधानसभा चुनाव में अपना भाग्य नहीं आजमाया है।
बुधनी विधानसभा सीट पर कुछ दिन पहले कांग्रेस के पर्यवेक्षक सुभाष चोपड़ा पहुंचे थे। उनके साथ जिला प्रभारी और सह प्रभारी भी थे इनके सामने डेढ़ दर्जन नेताओं ने अपनी दावेदारी इस सीट से पेश की है। जिनमें आदिवासी से लेकर ओबीसी और सामान्य वर्ग तक के नेता शामिल है।

साल 2018 के चुनाव में यहां से कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव को मैदान में उतारा था लेकिन वह भी शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ कोई चमत्कार नहीं कर सके थे। इस बार ऐसे किसी अप्रत्याशित उम्मीदवार को उतारे जाने की उम्मीद कांग्रेस की ओर से नहीं है, इसलिए इस बार स्थानीय लोगों को ही पार्टी यहां से उम्मीदवार बना सकती है।
अब तक के चुनाव में शिवराज ने किन-किन दी मात
बुधनी में शिवराज सिंह चौहान नाम विधानसभा का पहला चुनाव साल 1990 में लड़ा था। उन्होंने कांग्रेस के हरि सिंह को 22,810 वोटो से हराया था इसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री बनने के बाद यहां से उपचुनाव लड़ा। तीसरा चुनाव उन्होंने साल 2008 में लड़ा जिसमें उन्होंने कांग्रेस के महेश राजपूत को 41000 वोटो से हराया इसके बाद कांग्रेस ने बुधनी के स्थानीय नेताओं को उम्मीदवार बनाए जाने को महत्व नहीं दिया और साल 2013 में महेंद्र सिंह चौहान को शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ चुनाव में उम्मीदवार बनाया। महेंद्र सिंह चौहान यहां से 84 हजार 805 वोटों से चुनाव हारे, ये बुधनी विधानसभा क्षेत्र की अब तक की है सबसे बड़ी जीत है। इसके बाद साल 2018 में भी कांग्रेस ने स्थानीय नेताओं को महत्व नहीं दिया और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव को टिकट दे दिया। अरुण यादव को शिवराज सिंह चौहान ने 57,999 वोटों से शिकस्त दी।
कांग्रेस से यह कर रहे है दावेदारी
बुधनी विधानसभा क्षेत्र से 19 दावेदार कांग्रेस पार्टी से सामने आए जिनमें प्रमुख रूप से अर्जुन आर्य, महेश राजपूत, जिला पंचायत के सदस्य बृजेश उइके, हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए अभिनेता विक्रम मस्ताल, आनंद जाट रवि शंकर पांडे अर्जुन शर्मा के सब चौहान सुरेश शेट्टी धर्मेंद्र चौहान आदि शामिल हैं। हालांकि यह भी माना जा रहा है कि यहां से कांग्रेस राजकुमार पटेल को चुनाव में उतर सकती है। पटेल इस सीट से साल 1993 में विधायक रह चुके हैं हालांकि वहां से दो चुनाव हार भी चुके हैं। यह भी माना जा रहा है कि इस बार कांग्रेस नसरुल्लागंज की ओर से आने वाले किसी नेता को उम्मीदवार बना सकती है।
पूर्व मंत्री दीपक जोशी भी कर चुके हैं ऐलान
पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के पुत्र दीपक जोशी हाल ही में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। उन्होंने भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि अगर कांग्रेस पार्टी उन्हें बुधनी विधानसभा से उम्मीदवार बनाएगी तो वह शिवराज को कड़ी टक्कर दे सकते हैं। इसके बाद दीपक जोशी ने बुधनी विधानसभा के क्षेत्र का दौरा भी किया। लेकिन फिलहाल उनके नाम पर कोई चर्चा नजर नहीं आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications