Ravidas Temple: एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने रवाना किए संत रविदास समरसता यात्रा के रथ
MP BJP NEWS: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले अनुसूचित जाति वर्ग को आकर्षित करने के लिए कांग्रेस और बीजेपी ने जनसंपर्क तेज कर दिया है। भाजपा प्रदेश में दलित वर्ग की बड़ी आबादी को साधने के लिए 25 जुलाई से 12 अगस्त तक संत शिरोमणि श्री रविदास मंदिर निर्माण के लिए समर सस्ता यात्रा निकालेगी।
BJP प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार सागर में संत शिरोमणि श्री रविदास महाराज का 100 करोड़ की लागत का मंदिर बना रही है। इस मंदिर के निर्माण में समाज के हर वर्ग की भागीदारी हो इसके लिए जनअभियान परिषद के संयोजन में 25 जुलाई से 12 अगस्त के बीच प्रदेश के 5 स्थानों से संत रविदास मंदिर निर्माण समरसता यात्रा निकलेगी।

यह यात्राएं प्रदेश के 55 हजार गावों से मिट्टी और एक मुट्ठी अन्न के साथ पवित्र नदियों और जलाशयों का जल एकत्र करते हुए 12 अगस्त को सागर पहुंचेगी, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में संत रविदास के भव्य मंदिर का शिलान्यास होगा। ये यात्राएं प्रदेश में संत रविदास के सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगी। सागर में बनने वाला भव्य संत रविदास मंदिर सामाजिक समरसता का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।
कांग्रेस को कभी संत रविदास और वाल्मिकी याद नहीं आये : आर्य
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि दलितों और पिछड़ों के नाम पर राजनीति करने वाली कांग्रेस देश में 70 सालों से अधिक सत्ता में रही, लेकिन कभी भी उसे संत रविदास, वाल्मिकी, कबीरदास और भीमराव अंबेडकर जी की याद नहीं आई। उनके लिए अनुसूचित वर्ग सिर्फ एक वोटबैंक रहा। उन्होंने कहा कि अगर सही मायनों में अनुसूचित वर्ग का कोई हितैषी है तो वह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान हैं। मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज ने सागर में 100 करोड़ से संत रविदास जी का मंदिर बनाने का निर्णय लिया।
उन्होंने बताया कि 25 जुलाई से 12 अगस्त के बीच प्रदेश के 5 स्थानों से 45 जिलों में संत शिरोमणि रविदास मंदिर निर्माण समरसता यात्राएं पहुंचेंगी और 7 जिलों में उपयात्राएं निकलेंगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता इन यात्राओं को रवाना करेंगे। प्रदेश भर में भ्रमण करने के पश्चात् यह यात्राएं 11 अगस्त तक सागर की सीमाओं तक पहुंचेंगी। 12 अगस्त को सागर में सभी यात्राएं सामूहिक निकलेंगी, जिसके पश्चात् यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संत रविदास जी के भव्य मंदिर का भूमि पूजन करेंगे। उन्होंने कहा कि सागर का कार्यक्रम ऐतिहासिक हो और यात्राओं का सामाजिक संदेश जाए, इस बात की चिंता हम सभी को करनी है।












Click it and Unblock the Notifications