भगवान श्रीराम पर टिप्पणी से मचा बवाल, किसान कांग्रेस नेता की सोशल मीडिया पोस्ट पर कोलारस में गरमाया माहौल
सोशल मीडिया पर की गई एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी ने शिवपुरी जिले के कोलारस क्षेत्र में सियासी और धार्मिक माहौल को गर्मा दिया है।
शिवपुरी-खरई ब्लॉक के किसान कांग्रेस अध्यक्ष की फेसबुक पोस्ट को लेकर बुधवार शाम विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कोलारस थाने पहुंचे और संबंधित कांग्रेस नेता के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

भगवान श्रीराम को लेकर पोस्ट पर आपत्ति
विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारियों का आरोप है कि किसान कांग्रेस खरई ब्लॉक अध्यक्ष रामनिवास धाकड़ ने मंगलवार रात अपने फेसबुक अकाउंट पर भगवान श्रीराम और "जय श्रीराम" के नारे को लेकर आपत्तिजनक और उकसाने वाली टिप्पणी की। संगठन का कहना है कि इस पोस्ट से सनातन समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है और यह जानबूझकर समाज में तनाव फैलाने का प्रयास है।
पोस्ट हटाई गई, लेकिन स्क्रीनशॉट सुरक्षित
कार्यकर्ताओं ने बताया कि जैसे ही मामला तूल पकड़ने लगा, संबंधित नेता ने अपनी फेसबुक आईडी से विवादित पोस्ट डिलीट कर दी। हालांकि, उससे पहले ही पोस्ट का स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया गया था। इसी स्क्रीनशॉट को साक्ष्य के रूप में विहिप और बजरंग दल ने कोलारस थाना प्रभारी को सौंपते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
थाने पहुंचे कार्यकर्ता, कार्रवाई की मांग
बुधवार शाम कोलारस थाना परिसर में विहिप-बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस से मांग की कि आरोपी नेता के खिलाफ आईटी एक्ट और धार्मिक भावनाएं आहत करने से जुड़ी धाराओं में तत्काल मामला दर्ज किया जाए।
आंदोलन की चेतावनी
विहिप और बजरंग दल के नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो संगठन उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणियां समाज में वैमनस्य फैलाने का काम करती हैं और ऐसे मामलों में सख्ती जरूरी है।
पुलिस का पक्ष
इस पूरे मामले पर कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर ने बताया कि उन्हें लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। पोस्ट और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधि अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा
घटना के बाद कोलारस सहित पूरे क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। वहीं प्रशासन की नजर अब हालात पर बनी हुई है ताकि किसी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति न बने।












Click it and Unblock the Notifications