7 फेरों से पहले दुल्हन के मोबाइल में वीडियो देख दूल्हे ने शादी से किया इनकार, जानिए था क्या VIDEO में?
भोपाल। दूल्हा-दुल्हन मंडप में बैठने वाले थे। सात फेरों के बाद हमेशा हमेशा के लिए एक दूसरे के होने वाले थे। इतने में दूल्हे के हाथ दुल्हन का मोबाइल लगा। उसमें वीडियो देख दूल्हे ने बवाल मचा दिया। शादी से इनकार कर दिया। थोड़ी देर बाद तो दुल्हन ससुराल की बजाय जेल पहुंच गई। दरअसल, यह लुटेरी दुल्हन थी। शादी में एनवक्त पर इसका भंडाफोड़ हुआ। वह युवक से तीसरी शादी करने जा रही थी। पूरे मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश कर उसे जेल भिजवा दिया गया है जबकि दलाल मौके से फरार हो गया।

एमपी के फतेहगढ़ का मामला
मध्य प्रदेश के फतेहगढ़ पुलिस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह बुंदेला के अनुसार फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के कलौरा निवासी 24 वर्षीय माखन धाकड़ शादी नहीं हो रही थी। इसके पिता व भाई का सम्पर्क केबल अहिरवार नाम के युवक से हुआ। उसने माखन के लिए सागर निवासी नेहा नाम की एक लड़की बताई, मगर शादी के लिए 80 हजार रुपए लिए। बात तय होने पर उसने अपने दो साथी हेमंत पाटिलकर व उसके बेटे नवीन पाटिलकर से माखन के परिवार की मुलाकात करवाई।

पहले 28 फिर एक को शादी
इसके बाद माखन और नेहा की 28 जून को शादी तय की गई। शादी अशोकनगर में होनी थी। माखन का परिवार 28 को बारात लेकर अशोकनगर के लिए रवाना होने वाला था तो दुल्हन पक्ष के लोगों ने दुल्हन के मामा की मौत की सूचना देकर शादी की तारीख तीन दिन आगे बढ़ा ली। फिर दोनों की शादी एक जुलाई को होनी तय हुई। एक जुलाई को दुल्हन नेहा सात फेरे लेने में आनाकानी कर रही थी। हेमंत व नवीन का उसने अपने अंकल के रूप में परिचय करवाया था। दुल्हन अपने दोनों अंकल के आने के बाद शादी करने की बात कही थी, मगर वे दोनों शाम तक नहीं आए।

फेरे लेने से करने लगी आनाकानी
दुल्हन सात फेरों के लिए मंडप में बैठने के राजी नहीं हुई तो माखन को उस पर शक हुआ। उसने बातों-बातों में दुल्हन का मोबाइल लेकर देखने लग गया। मोबाइल में एक वीडियो देख माखन के होश उड़ गए। वीडियो में नेहा किसी और से शादी रचा रही थी। एक युवक नेहा की मांग में सिंदूर भर रहा था जबकि उसने खुद को अविवाहित बताया था। वीडियो देख माखन ने बवाल मचा दिया और शादी से इनकार कर पुलिस को सूचना की।

पुलिस पूछताछ में उगला सच
सूचना पाकर फतेहगढ़ पुलिस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह बुंदेला मौके पर पहुंचे और उन्होंने दुल्हन नेहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में तो वह पुलिस को गुमराह करती रही, मगर सख्ती बरतने पर सच उगल दिया। पुलिस जांच में पता चला कि नेहा ने पहले से दो और शादी कर रखी है। दोनों लोगों को शादी के नाम पर ठगा था।

लुटेरी दुल्हन गैंग के अन्य साथियों की तलाश
पुलिस ने उसके मोबाइल में मिले वीडियो के आधार पर एक युवक से पूछताछ की तो चला कि कुछ समय पहले उससे नेहा ने शादी की थी। फिर नेहा अपने रिश्तेदारों के यहां घूमने का कहकर चली गई है और वापस नहीं लौटी। वहीं, एक अन्य व्यक्ति से भी इसी तरह ठगी की भी सूचना सामने आ रही है। लुटेरी दुल्हन की गैंग में शामिल अन्य लोगों की भी पुलिस तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications